Home Uncategorized Varanasi: 128 वर्षीय योग गुरु बाबा शिवानंद का निधन, पीएम मोदी ने...

Varanasi: 128 वर्षीय योग गुरु बाबा शिवानंद का निधन, पीएम मोदी ने व्यक्त किया शोक

0
75

Varanasi: 128 वर्षीय योग गुरु बाबा शिवानंद का निधन, पीएम मोदी ने व्यक्त किया शोक

वाराणसी में योग साधना के प्रतीक और 128 वर्षीय महायोगी बाबा शिवानंद का शनिवार रात निधन हो गया। रात 8 बजकर 45 मिनट पर उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) अस्पताल में अंतिम सांस ली। पिछले तीन दिनों से बाबा शिवानंद सांस लेने में तकलीफ के चलते अस्पताल में भर्ती थे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उम्र और बीमारी के सामने चिकित्सा भी असहाय हो गई।

बाबा शिवानंद का पूरा जीवन योग, साधना और संयम में बीता। उन्होंने सादा जीवन और उच्च विचार को अपना मूलमंत्र बनाया था। बाबा ने ताउम्र ब्रह्मचर्य का पालन किया और अपने अनुयायियों को भी संयम और योग के रास्ते पर चलने की प्रेरणा दी। उनकी दीर्घायु का रहस्य भी उनके अनुशासित जीवन और योग साधना में छिपा था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बाबा शिवानंद की साधना और तपस्या के कायल रहे हैं। साल 2022 में बाबा को देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। 21 मार्च 2022 को जब बाबा को यह सम्मान मिला था, तब वे पद्मश्री पाने वाले भारत के सबसे उम्रदराज व्यक्ति बने थे।

बाबा के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “योग साधक और काशी निवासी शिवानंद बाबा जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। योग और साधना को समर्पित उनका जीवन देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा। योग के जरिए समाज की सेवा के लिए उन्हें पद्मश्री से सम्मानित भी किया गया था। शिवानंद बाबा का शिवलोक प्रयाण हम सब काशीवासियों और उनसे प्रेरणा लेने वाले करोड़ों लोगों के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं इस दुःख की घड़ी में उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं।”

बाबा शिवानंद का निधन वाराणसी ही नहीं, बल्कि पूरे देश के योग प्रेमियों और अनुयायियों के लिए गहरा आघात है। उनके योगदान और त्यागमय जीवन से देश और दुनिया के लोग प्रेरणा लेते रहेंगे। उनका नाम भारतीय योग परंपरा में स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here