
Delhi Flyover Projectsदिल्ली में फ्लाईओवर और अंडरपास का जाल लाखों लोगों को मिलेगी जाम से राहत : डॉ. यूके चौधरी
नई दिल्ली (रविंद्र कुमार): रा: जधानी दिल्ली में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और प्रतिदिन लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से आईटीओ, ओखला और छतरपुर सहित प्रमुख स्थानों पर फ्लाईओवर एवं अंडरपास बनाने की प्रस्तावित योजना को लेकर भाजपा उत्तर पूर्वी दिल्ली जिला अध्यक्ष डॉ. यूके चौधरी ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बढ़ते वाहनों के दबाव और यातायात की समस्या को देखते हुए इस प्रकार की आधारभूत संरचनाओं का विकास समय की आवश्यकता है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से लाखों लोगों को प्रतिदिन आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। डॉ. यूके चौधरी ने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार लगातार जनहित को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बना रही है और दिल्ली के विकास को नई दिशा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल सड़कों का विस्तार करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों के सफर को आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि आईटीओ पर प्रस्तावित 1.8 किलोमीटर लंबे चार लेन के फ्लाईओवर से पूर्वी दिल्ली से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और कनॉट प्लेस की ओर जाने वाले यात्रियों को राहत मिल सकती है। उन्होंने बताया कि ओखला के क्राउन प्लाजा जंक्शन पर करीब 2.4 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर और ओखला एस्टेट रोड पर लगभग 400 मीटर लंबे अंडरपास की योजना भी यातायात के दबाव को कम करने में सहायक होगी। वहीं, छतरपुर क्षेत्र में 100 फुटा रोड पर लगभग 2.5 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण से छतरपुर मंदिर, फूल मंडी और फार्म हाउस क्षेत्र के साथ-साथ महरौली-गुरुग्राम रोड पर आवागमन करने वाले लोगों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है। डॉ. चौधरी ने कहा कि दिल्ली में प्रतिदिन लाखों लोग अपने कामकाज, व्यापार, शिक्षा और अन्य आवश्यकताओं के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान तक यात्रा करते हैं। ऐसे में जाम में बर्बाद होने वाला समय और ईंधन दोनों बचाना जरूरी है। फ्लाईओवर और अंडरपास जैसी परियोजनाएं धरातल पर उतरती हैं तो लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित परियोजनाओं को आवश्यक स्वीकृतियां मिलने के बाद निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा और दिल्लीवासियों को इनका लाभ मिलेगा।






आपकी राय