Ram Mandir Donation Case: चंपत राय और अनिल मिश्रा ने ट्रस्ट से दिया इस्तीफा, चढ़ावा गड़बड़ी मामले में FIR के बाद बड़ा घटनाक्रम
अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा गड़बड़ी मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। एसआईटी की शुरुआती रिपोर्ट सरकार को सौंपे जाने के तीन दिन बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट के प्रमुख सदस्य अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा सौंप दिया है। सूत्रों के अनुसार, दोनों ने विश्व हिंदू परिषद की सलाह के बाद अपना इस्तीफा ट्रस्ट को भेजा है। अब इस पर अंतिम फैसला ट्रस्ट की आगामी बैठक में लिया जाएगा, क्योंकि ट्रस्ट एक स्वायत्त संस्था है।
इस घटनाक्रम से पहले एसआईटी ने राम मंदिर के चढ़ावे और दान प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को सौंपी थी। इसके बाद गुरुवार को इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई, जिसमें आठ लोगों को आरोपी बनाया गया है। आरोपियों में चंपत राय के करीबी और उनके ड्राइवर टिन्नू यादव का नाम भी शामिल है। अन्य आरोपियों में सुभाष श्रीवास्तव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, करुणेश पांडे, मनीष यादव, अविनाश शुक्ला और रमाशंकर मिश्र शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक, एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट में दान और चढ़ावे के प्रबंधन से जुड़ी कई खामियों का उल्लेख किया गया है। हालांकि रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन जांच में दान प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठने की बात सामने आई है। माना जा रहा है कि इसी के बाद ट्रस्ट के भीतर इस्तीफों की प्रक्रिया शुरू हुई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में नामजद सभी आठ आरोपियों से पूछताछ जारी है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें फैजाबाद की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी। अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने पुष्टि की है कि सभी आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
राम मंदिर चढ़ावा मामले में लगातार हो रहे घटनाक्रम के बीच माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे तथा प्रशासनिक कार्रवाई देखने को मिल सकती है।



