Shefali Jariwala Death: कांटा लगा’ फेम एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का 42 की उम्र में निधन, कार्डियक अरेस्ट की आशंका; मौत की जांच में जुटी मुंबई पुलिस
मशहूर म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से रातोंरात स्टार बनीं एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का 27 जून की रात निधन हो गया। 42 वर्षीय शेफाली को कार्डियक अरेस्ट आया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना मुंबई के अंधेरी स्थित उनके आवास की है। उनकी मौत से फिल्म इंडस्ट्री से लेकर फैंस तक सभी स्तब्ध हैं।
कार्डियक अरेस्ट या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस
शेफाली को बेहोशी की हालत में उनके पति और टीवी एक्टर पराग त्यागी समेत तीन अन्य लोग शुक्रवार रात बेलेव्यू अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेज दिया गया है।
मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अंबोली थाने की पुलिस टीम ने शेफाली के घर पहुंचकर फोरेंसिक जांच करवाई और घर की मेड और कुक से पूछताछ की। पुलिस ने परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं। फिलहाल मौत की पुष्टि कार्डियक अरेस्ट के रूप में की जा रही है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।
परिवार और इंडस्ट्री में शोक की लहर
पति पराग त्यागी को अस्पताल के बाहर बेसुध हालत में देखा गया, जबकि शेफाली की मां रोते-बिलखते बेटी को देखने अस्पताल पहुंचीं। परिवार पूरी तरह से टूट गया है।
15 साल की उम्र में मिर्गी, योग और एक्सरसाइज से पाया था काबू
शेफाली ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि 15 साल की उम्र में उन्हें मिर्गी का पहला दौरा पड़ा था। तनाव और चिंता के चलते यह समस्या बनी रही, लेकिन बाद में योग और रेगुलर एक्सरसाइज से उनकी तबीयत में सुधार आया और मिर्गी के दौरे बंद हो गए।
2002 में ‘कांटा लगा’ से मिली थी जबरदस्त पहचान
शेफाली ने 19 साल की उम्र में 2002 में म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। गाने की लोकप्रियता ने उन्हें रातों-रात पॉपुलर बना दिया। इसके बाद उन्होंने ‘मुझसे शादी करोगी’ जैसी फिल्मों में काम किया और कई म्यूजिक वीडियोज़ का हिस्सा बनीं।
डांस रियलिटी शोज और वेब सीरीज़ में दिखाया था हुनर
उन्होंने पति पराग त्यागी के साथ ‘नच बलिए’ में हिस्सा लिया था और ‘बिग बॉस 13’ में वाइल्ड कार्ड एंट्री लेकर सुर्खियां बटोरी थीं, जहां उनका पूर्व प्रेमी सिद्धार्थ शुक्ला के साथ बॉन्ड काफी चर्चा में रहा था। बता दें कि सिद्धार्थ की भी 2021 में कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई थी।
शेफाली ने वेब सीरीज़ ‘बेबी कम ना’ में श्रेयस तलपड़े, किकू शारदा और चंकी पांडे के साथ भी काम किया था।
दो शादियां, पहला रिश्ता टूटा, दूसरा पराग त्यागी से
शेफाली ने 2004 में मीत ब्रदर्स के संगीतकार हरमीत सिंह से शादी की थी लेकिन 2009 में उनका तलाक हो गया। बाद में 2015 में उन्होंने टीवी एक्टर पराग त्यागी से शादी कर ली।
बॉलीवुड की कुछ रहस्यमयी मौतों की याद दिलाता मामला
शेफाली जरीवाला की मौत ने एक बार फिर उन बॉलीवुड हस्तियों की याद दिला दी जिनकी मौतें अब तक रहस्य बनी हुई हैं—
-
दिव्या भारती, जिनकी 1993 में 19 वर्ष की उम्र में मौत हुई, जिसकी जांच 1998 में बंद कर दी गई थी।
-
दिशा सालियान, जिनकी 2020 में 14वीं मंजिल से गिरकर मौत हुई थी। उनके पिता ने हत्या और गैंगरेप का आरोप लगाया था।
अब सभी की निगाहें शेफाली की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मौत की असली वजह का खुलासा होगा।



