Home देश दुनिया Hapur Road Accident: डिवाइडर से टकराई रोडवेज बस, चालक की मौत, 10...

Hapur Road Accident: डिवाइडर से टकराई रोडवेज बस, चालक की मौत, 10 यात्री घायल

0
23

Hapur Road Accident: डिवाइडर से टकराई रोडवेज बस, चालक की मौत, 10 यात्री घायल

हापुड़ में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर बाबूगढ़ क्षेत्र के उपैड़ा फ्लाईओवर के पास पीलीभीत से दिल्ली जा रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडेक्टर समेत दस यात्री घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ। बस में कुल 33 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक चालक की पहचान मंगल सिंह (50) निवासी खीरी के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मामूली रूप से घायल यात्रियों को दूसरी बसों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

हादसे के चलते हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में चालक का संतुलन बिगड़ना वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी खराबी की भी जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here