Ghaziabad Murder: गाजियाबाद में खाना लेने के विवाद ने ली खूनी शक्ल, ढाबे पर दो दोस्तों की चाकू से हत्या
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में देर रात एक मामूली विवाद ने दो युवकों की जान ले ली। ट्रांस हिंडन क्षेत्र के खोड़ा थाना इलाके में स्थित कागज मार्केट के वैष्णो ढाबे पर खाना लेने को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई। इस दौरान दो दोस्तों पर चाकू और पत्थरों से हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ढाबे पर पहले खाना लेने को लेकर दो पक्षों के बीच बहस शुरू हुई थी। दोनों तरफ से नशे की हालत में होने की बात सामने आ रही है। बहस इतनी बढ़ गई कि कुछ युवकों ने सत्यम और श्रीपाल नाम के दो दोस्तों पर अचानक चाकू और पत्थरों से हमला कर दिया। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। खोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर से मामूली विवादों में बढ़ती हिंसा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



