Vipin Sharma: पेट्रोल, डीजल व सीएनजी के लगातार बढ़ते दामों से आम जनता का हाल हुआ बेहाल : विपिन शर्मा
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : भारत में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शनिवार को पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। ये पिछले 10 दिनों में तीसरी बार है जब ईंधन की कीमतें बढ़ाई गई हैं। वहीं, सीएनजी भी एक रुपए महंगी हो गई है। देशभर में लगातार बढ़ती महंगाई पर बात करते हुए रोहताश नगर के पूर्व विधायक विपिन शर्मा ने कहा कि एक तरफ अन्य देश की सरकारें है जो अपनी जनता को राहत देती है और एक तरफ भारत देश में भाजपा की सरकार है जो अपने देश की जनता को ही लूटने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और भाजपा के शासन में महंगाई रुकने का नाम ही नहीं ले रही है, दिन प्रतिदिन जनता को रोजगार मिल रहा हो या ना मिल रहा हो, लेकिन पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम लगातार अपनी गति से बढ़ रहे है और कही ना कही आम आदमी की पहुंच से बाहर जा रहे है। श्री शर्मा ने कहा कि महंगाई मैन नरेंद्र मोदी के राज में आम जनता का हाल, बेहाल है, कल तक जो लोग टू व्हीलर चलाते थे आज वह आसमान छूती महंगाई के कारण पैदल चलने या साइकिल चलाने पर विवश है, ठेला व खाने के छोटे स्टॉल लगाकर अपना गुजारा करने वाले लोग अपना काम बंद करने पर मजबूर है लेकिन भाजपा को इन बातों से कोई लेना देना नहीं है, भाजपा और उनके नेताओं ने एक शब्द याद कर रखा है और वह इस बढ़ती महंगाई का ठीकरा मिडिल ईस्ट तनाव पर फोड़ रहे है। उन्होंने कहा कि वास्तविकता यह है कि भाजपा के पास शासन करने के लिए सही सोच नहीं है और भाजपा के नेताओं के बयान से यह साफ साफ पता लग रहा है कि चीजें भाजपा के हाथों से निकल गई है लेकिन भाजपा और नरेंद्र मोदी अपनी विफलता स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है।



