सफाई कर्मियों का शोषण करना शुरू किया दिल्ली की भाजपा सरकार ने : वीर सिंह धिंगान
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी का समय प्रातः 7 बजे से बदल कर सुबह 5 बजे करने सम्बन्धी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आदेशों की आप विधायक वीर सिंह धिंगान ने कड़े शब्दों मे निंदा की है। धिंगान ने मुख्यमंत्री को दलित विरोधी करार देते हुए कहा है कि जब जब निगम में भाजपा का शासन हुआ है, उस दोर में सफ़ाई कर्मचारियों सहित अन्य गरीब कर्मचारियों का जमकर शोषण किया गया है।
धिंगान ने कहा है कि पूर्व में निगम में भाजपा शासन के दौरान कर्मचारियों को कई 2 माह तक वेतन नहीं दिया जाता था। और अब निगम में भाजपा के आने पर 25-25/30-30 वर्ष से लगे कर्मचारी जो नियमित किये जा रहे थे उनके नियमितीकरण के मामले में रुकावट डाली जा रही है। धिंगान ने कहा कि सैकड़ों वर्ष पहले जो दलितों का शोषण व अत्याचार किये जाते थे,मुख्यमंत्री के सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी के सुबह 5 बजे के आदेश उसी गुलामी की ओर ले जाने की साजिश का हिस्सा है। धिंगान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , गृहमंत्री अमित शाह, तथा महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गुप्ता को पत्र लिखकर कर निगम में सफाई कर्मचारियों के शोषण पर रोक लगाकर उनकी ड्यूटी पूर्व भांति प्रातः 7 बजे से कराने की मांग की है। धिंगान ने कहा कि य़दि सफाई कर्मचारियों का ड्यूटी समय नहीं बदला गया, और बकाया सफाई कर्मचारियों को नियमित नहीं किया गया तो निगम के सफाई व अन्य कर्मचारी भाजपा शासन व सरकार के विरुद्ध आन्दोलन शुरू कर देगें।