Bhiwani Accident: भिवानी हादसा: बारिश से जर्जर मकान गिरा, एक ही परिवार की तीन बेटियों की मौत

0
24

Bhiwani Accident: भिवानी हादसा: बारिश से जर्जर मकान गिरा, एक ही परिवार की तीन बेटियों की मौत

हरियाणा के भिवानी जिले के कलिंगा गांव में मंगलवार देर रात भारी बारिश के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। गांव में एक जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे एक ही परिवार के छह सदस्य मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला और तत्काल रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया। हालांकि, तब तक परिवार की तीन मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत हो चुकी थी।

मृतकों में 13 वर्षीय अंशिका, 10 वर्षीय निशा और 8 वर्षीय भारती शामिल हैं। तीनों बहनें हादसे के वक्त गहरी नींद में थीं और मलबे में दबकर उनकी मौके पर ही जान चली गई। हादसे में परिवार के अन्य तीन सदस्य – पिता ओमपाल, मां अनीता और सबसे छोटा बेटा सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनका इलाज रोहतक पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी हुई है।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में मकान गिरने की वजह लगातार हो रही बारिश बताई जा रही है। प्रशासन ने प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

गांव में इस दर्दनाक घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। लोग परिवार के साथ खड़े हैं और बच्चों की असमय मौत से हर कोई गमगीन है। ग्रामीणों ने बताया कि मकान पुराना था और कई दिनों से बारिश के कारण दीवारों में दरारें आ गई थीं। देर रात यह हादसा हुआ, जब परिवार गहरी नींद में था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here