Home देश दुनिया Aadhaar EPIC Link: वोटर आईडी-आधार लिंकिंग: चुनाव सुधार या नई चुनौतियां?

Aadhaar EPIC Link: वोटर आईडी-आधार लिंकिंग: चुनाव सुधार या नई चुनौतियां?

0
79

Aadhaar EPIC Link: वोटर आईडी-आधार लिंकिंग: चुनाव सुधार या नई चुनौतियां?

चुनाव आयोग वोटर आईडी को आधार से जोड़ने की योजना बना रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य फर्जी मतदान को रोकना है। हालांकि इस कदम के पीछे मंशा भले ही सही हो, लेकिन इसके रास्ते में कई कानूनी, तकनीकी और राजनीतिक चुनौतियां खड़ी हैं। इस प्रक्रिया का विवादों से पुराना नाता रहा है, जिससे यह आवश्यक हो जाता है कि इसे सभी पक्षों को विश्वास में लेकर और सावधानीपूर्वक लागू किया जाए।

साल 2021 में जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 में संशोधन किया गया था, जिसके बाद आधार को मतदाता पहचान पत्र से जोड़ने की अनुमति मिली। इसके तहत चुनाव आयोग ने नागरिकों से आधार नंबर मांगते हुए कहा था कि यह पूरी तरह स्वैच्छिक होगा। अब तक आयोग के पास 66.23 करोड़ आधार नंबर जमा हो चुके हैं, लेकिन अभी तक इन्हें वोटर आईडी से लिंक नहीं किया गया है। इसकी प्रमुख वजह 2023 में सुप्रीम कोर्ट में हुआ अदालती मामला है, जिसमें आरोप लगाया गया कि यह प्रक्रिया स्वैच्छिक होने के बावजूद आयोग द्वारा इस्तेमाल किए गए फॉर्म से यह स्पष्ट नहीं होता। यही सवाल अब भी बना हुआ है।

इस प्रक्रिया को लेकर दूसरी बड़ी चिंता डेटा प्राइवेसी की है। डिजिटल युग में निजी डेटा की सुरक्षा सबसे अहम मुद्दा बन चुकी है। यदि आधार और वोटर आईडी डेटाबेस को जोड़ा जाता है, तो इसे सुरक्षित रखना एक बड़ी चुनौती होगी। सरकार को ऐसे मजबूत साइबर सुरक्षा उपायों और सॉफ्टवेयर टूल्स की आवश्यकता होगी, जो नागरिकों की आशंकाओं को दूर कर सकें और डेटा लीक जैसी घटनाओं को रोका जा सके।

राजनीतिक दृष्टिकोण से भी यह मामला संवेदनशील है। हाल ही में तृणमूल कांग्रेस ने डुप्लिकेट वोटर आईडी का मुद्दा उठाया था, जबकि इससे पहले भी कई राजनीतिक दल इस पर अपनी चिंताएं व्यक्त कर चुके हैं। चुनाव आयोग की मंशा मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना और फर्जी मतदान को समाप्त करना है, लेकिन इसके लिए सभी पक्षों का भरोसा जीतना अनिवार्य होगा। पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने अपने विदाई भाषण में बायोमीट्रिक पहचान की उपयोगिता पर जोर दिया था। हालांकि, जब तक यह प्रक्रिया स्वैच्छिक रहेगी, आयोग को संपूर्ण डेटा कैसे मिलेगा और यदि पूरा डेटा नहीं मिलेगा, तो डुप्लिकेट वोटर आईडी को कैसे खत्म किया जाएगा?

सुप्रीम कोर्ट पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि आधार को किसी भी सरकारी प्रक्रिया से जोड़ने के लिए यह साबित करना आवश्यक होगा कि यह जरूरी है और इससे नागरिकों को कोई नुकसान नहीं होगा। यह प्रक्रिया केवल प्रशासनिक सुधार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था पर जनता के विश्वास से जुड़ी हुई है। इसलिए चुनाव आयोग को इस योजना को लागू करने से पहले कानूनी और तकनीकी पहलुओं पर व्यापक विचार-विमर्श करना होगा, ताकि यह पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया बन सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here