Home देश दुनिया Air India Flight: बैंकॉक एयरपोर्ट पर 28 घंटे से फंसे 200 भारतीय,...

Air India Flight: बैंकॉक एयरपोर्ट पर 28 घंटे से फंसे 200 भारतीय, तकनीकी खराबी के बाद उड़ान में देरी

0
3
Air India Flight Bangkok Airport flight delay

Air India Flight: बैंकॉक एयरपोर्ट पर 28 घंटे से फंसे 200 भारतीय, तकनीकी खराबी के बाद उड़ान में देरी

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एयरपोर्ट पर एअर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी के चलते करीब 200 भारतीय यात्री लंबे समय से फंसे हुए हैं। यात्रियों के मुताबिक, गुरुवार शाम भारत लौटने के लिए फ्लाइट में सवार होने के बाद विमान रनवे तक पहुंचा, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण उसे वापस लाया गया। इसके बाद यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

यात्रियों ने बताया कि वे गुरुवार शाम करीब 4 बजे बैंकॉक एयरपोर्ट पहुंच गए थे। बैंकॉक से नई दिल्ली के लिए एअर इंडिया की फ्लाइट शाम करीब 5:30 बजे निर्धारित थी। करीब 6 बजे बोर्डिंग हुई और 6:15 बजे विमान रनवे पर पहुंच गया। यात्री उड़ान भरने का इंतजार कर रहे थे, तभी विमान को वापस रनवे पर लाया गया।

यात्रियों के मुताबिक, केबिन की लाइट चालू होने के बाद उन्होंने क्रू मेंबर्स से विमान को वापस लाने का कारण पूछा। इस पर तकनीकी खराबी का हवाला दिया गया। यात्रियों को विमान में ही रात करीब 8:30 बजे तक बैठाकर रखा गया। इसके बाद उन्हें बताया गया कि फ्लाइट रात 11:15 बजे उड़ान भर सकती है।

हालांकि, कुछ समय बाद यात्रियों को बताया गया कि उड़ान अगले दिन तक के लिए टाल दी गई है। इसके बाद एअर इंडिया की ओर से यात्रियों के लिए होटल की व्यवस्था की गई और वे रात करीब 12 बजे होटल पहुंचे।

शुक्रवार को यात्रियों को दोबारा एयरपोर्ट आने के लिए कहा गया। यात्रियों के अनुसार, वे दोपहर करीब 1:30 बजे एयरपोर्ट पहुंच गए और कई घंटे तक उड़ान का इंतजार करते रहे। बाद में उन्हें शाम 7:15 बजे फ्लाइट रवाना होने की जानकारी दी गई, लेकिन 7:15 बजे तक विमान ने उड़ान नहीं भरी। रात करीब 8 बजे बोर्डिंग शुरू होने की बात सामने आई।

यात्रियों में मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के लोग शामिल हैं। इंदौर की यात्री दिव्या माहेश्वरी ने बताया कि वह थाईलैंड घूमने गई थीं और बैंकॉक से दिल्ली लौटना था। उन्होंने बताया कि विमान रनवे पर पहुंचने के बाद वापस लौट आया और यात्रियों को तकनीकी खराबी की जानकारी दी गई।

यात्रियों का आरोप है कि करीब 28 घंटे से वे लगातार इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस दौरान उन्हें बार-बार चेक-इन और चेक-आउट की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। यात्रियों में छोटे बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। कुछ यात्रियों ने यह भी शिकायत की कि उन्हें एअर इंडिया की ओर से पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई और किसी अन्य फ्लाइट की व्यवस्था नहीं की गई।

हालांकि, एअर इंडिया की ओर से यात्रियों को भेजे गए ई-मेल में बैंकॉक से नई दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI4335 के शेड्यूल में बदलाव का कारण ‘ऑपरेशनल कारण’ बताया गया है। ई-मेल में तकनीकी खराबी का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया।

इस बीच कुछ यात्री दूसरी उड़ानों के जरिए भारत लौट चुके हैं। बाकी यात्रियों को फ्लाइट के रवाना होने का इंतजार है। लंबे समय तक एयरपोर्ट पर फंसे रहने के कारण यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है और वे जल्द से जल्द अपने गंतव्य तक पहुंचने की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here