Home आमने सामने रेखा गुप्ता सरकार ने दिया मूल राशि जमा कर सरचार्ज से पूरी...

रेखा गुप्ता सरकार ने दिया मूल राशि जमा कर सरचार्ज से पूरी तरह राहत पाने का शानदार अवसर : डॉ यू के चौधरी

0
3
डॉ यूके चौधरी

रेखा गुप्ता सरकार ने दिया मूल राशि जमा कर सरचार्ज से पूरी तरह राहत पाने का शानदार अवसर : डॉ यू के चौधरी

नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : पुराने पानी के बिलों पर लगातार बढ़ रहे लेट पेमेंट सरचार्ज (एलपीएससी) से परेशान दिल्ली के उपभोक्ताओं के लिए राहत की समय सीमा बढ़ा दी है। दिल्ली सरकार ने दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की एलपीएससी माफी योजना की अवधि बढ़ाकर 31 मार्च 2027 कर दी है। जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने रविवार को योजना की अवधि बढ़ाने की घोषणा की। इसी विषय पर बात करते हुए उत्तर पूर्वी भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ यू के चौधरी ने कहा कि इससे लंबे समय से लंबित पानी के बिलों को निपटाने में उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और साथ ही डीजेबी को अपना मूल बकाया वसूलने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत उपभोक्ताओं को पुराने पानी के बिल का मूल बकाया जमा करने पर 100 प्रतिशत एलपीएससी माफ किया जाएगा। श्री चौधरी ने बताया कि यह सुविधा घरेलू के साथ साथ गैर घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि डीजेबी के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 5,27,514 उपभोक्ता इस योजना का लाभ ले चुके हैं। श्री चौधरी ने बताया कि अब तक 3,261 करोड़ रुपये का एलपीएससी माफ किया गया है जिससे पुराने पानी के बकाए बिलों का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को बड़ी आर्थिक राहत मिली है व इसके साथ ही घरेलू और गैर घरेलू उपभोक्ताओं से 815.84 करोड़ रुपये का मूल बकाया भी वसूल किया गया है। उन्होंने बताया कि इस योजना के दायरे में करीब 14.09 लाख घरेलू और 70,312 व्यावसायिक उपभोक्ता आते हैं। श्री चौधरी ने कहा कि पुराने पानी के बिल कई परिवारों के लिए लंबे समय से परेशानी का कारण बने हुए हैं, एलपीएससी जुड़ने से बकाया राशि लगातार बढ़ती जाती है और उसका भुगतान करना मुश्किल हो जाता है, ऐसे में सरकार ने उपभोक्ताओं को मूल राशि जमा कर सरचार्ज से पूरी तरह राहत पाने का शानदार अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार उपभोक्ताओं से अतिरिक्त राशि वसूलने के बजाय उनसे केवल वास्तविक मूल बकाया चुकाने को कह रही है, सरकार की इस योजना के तहत मूल राशि जमा करने पर 100 प्रतिशत एलपीएससी माफ होगा जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलने के साथ साथ डीजेबी की वित्तीय स्थिति भी मजबूत होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here