बाला जी से दिल्ली ला कराया 39 लोगो की आँखों का ऑपरेशन : राजेश वर्मा
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : प्रगतिशील स्वर्णकार सभा की ओर से स्वर्गीय अनार देवी एवं शेर सिंह की पुण्य तिथि के अवसर पर राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी में आठवां निःशुल्क कान एवं आंखों की जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन सेवा और समर्पण की भावना के साथ किया गया, जिसमें सैकड़ों जरूरतमंदों को स्वास्थ्य लाभ मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गुरुदेव मोहनपुरी गोस्वामी और विशिष्ट अतिथि पूर्व मेयर श्याम सुन्दर अग्रवाल शामिल हुए। संस्था के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत किया, नरेंद्र कुकरेजा ने बालाजी का प्रसाद भेंट किया और कविता वर्मा ने प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
महंत रामकिशोर दास के सानिध्य में दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस दौरान सभी अतिथियों ने स्वर्गीय शेर सिंह एवं अनार देवी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शिविर में कुल 440 लोगों ने अपने कान और आंखों की जांच कराई। जांच के बाद 42 लोगों को कान की मशीन और 326 लोगों को चश्मे वितरित किए गए। वहीं 39 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई, जिनके ऑपरेशन के लिए उन्हें बस द्वारा दिल्ली लाया जाएगा। इन मरीजों के आने-जाने, ऑपरेशन और भोजन की पूरी व्यवस्था संस्था की ओर से निःशुल्क की जा रही है।
श्याम सुन्दर अग्रवाल ने कहा कि इस तरह की अद्भुत सेवा राजेश वर्मा और उनकी टीम के निरंतर प्रयासों से ही संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि एक मोतियाबिंद ऑपरेशन पर करीब 40 हजार रुपये का खर्च आता है, लेकिन संस्था जरूरतमंदों का मुफ्त इलाज कराकर समाज सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने बालाजी से प्रार्थना की कि संस्था को और अधिक शक्ति मिले, ताकि ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंदों की मदद हो सके। संस्था अध्यक्ष राजेश वर्मा ने कहा कि पिछले आठ वर्षों से लगातार यह शिविर आयोजित किया जा रहा है और बालाजी के आशीर्वाद से यह सेवा आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि आसपास के गांवों के लोग हर साल इस शिविर का इंतजार करते हैं।दिल्ली से आए सहयोगकर्ताओं में हरीश गुप्ता, संजय चौहान, बबलू माहेश्वरी, बॉबी गुप्ता, प्रमोद वर्मा, एस के शर्मा, आशु चौहान, दिनेश गुप्ता, रविंद्र राठौर, महेंद्र मौर्य, अनिल भारद्वाज, पवन कुमार, विजय कुमार और विजय भारद्वाज शामिल रहे, जिन्होंने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई |



