Home देश दुनिया UP Road Accident: मथुरा से बस्ती तक सड़क हादसों का कहर, 24...

UP Road Accident: मथुरा से बस्ती तक सड़क हादसों का कहर, 24 घंटे में यूपी में दर्जन भर मौतें

0
40

UP Road Accident: मथुरा से बस्ती तक सड़क हादसों का कहर, 24 घंटे में यूपी में दर्जन भर मौतें

उत्तर प्रदेश में घने कोहरे और तेज रफ्तार ने बीते 24 घंटे में कई जिलों में तबाही मचा दी। मथुरा, उन्नाव, बस्ती और बागपत में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दर्जन भर लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई दर्जन लोग घायल हुए हैं। मंगलवार सुबह मथुरा के यमुना एक्सप्रेसवे पर बलदेव थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 127 के पास घने कोहरे के कारण एक के बाद एक सात बसें और कई छोटी गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसा इतना भीषण था कि कुछ वाहनों में आग लग गई और अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस और राहत टीमों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया।
इसी दौरान उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सुबह करीब पांच बजे तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पहले एक अन्य वाहन से टकराया और फिर डिवाइडर से जा भिड़ा। इस हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में गाजियाबाद निवासी अशोक अग्रवाल और अभिनव अग्रवाल की पहचान हुई है, जबकि दो अन्य की शिनाख्त की जा रही है।
वहीं बस्ती जिले में संतकबीरनगर से अजमेर शरीफ जा रही तीर्थयात्रियों की बस हरदिया चौराहे पर एक ट्रक से आमने-सामने टकरा गई। बताया जा रहा है कि टोल बचाने के प्रयास में बस को सर्विस लेन से लाते समय यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई और 21 यात्री घायल हो गए। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
बागपत जिले के मेरठ रोड पर भी एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक कार हाईवे से नीचे गिरकर हिंडन नदी में जा गिरी। कार में सवार एक सिपाही समेत दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं।
लगातार हो रहे इन हादसों ने प्रदेश में सड़क सुरक्षा और कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और तेज रफ्तार से बचने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here