Home देश दुनिया Surat Fire: सूरत के राज टेक्सटाइल मार्केट में भीषण आग, 8वीं मंजिल...

Surat Fire: सूरत के राज टेक्सटाइल मार्केट में भीषण आग, 8वीं मंजिल तक दुकानों में तबाही

0
34

Surat Fire: सूरत के राज टेक्सटाइल मार्केट में भीषण आग, 8वीं मंजिल तक दुकानों में तबाही

सूरत। पर्वत पाटिया इलाके में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राज टेक्सटाइल मार्केट में अचानक लगी भीषण आग ने पूरे कारोबारी क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई आग कुछ ही मिनटों में ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गई और आठवीं मंजिल पर मौजूद कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं के घने गुबार और तेज लपटों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया, जिससे कारोबारी और स्थानीय लोग घबराकर बाहर निकल आए।

सुबह 7:14 बजे फायर कंट्रोल रूम को घटना की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद डुम्भाल, मान दरवाजा और डिंडोली फायर स्टेशन से फायर टेंडर मौके के लिए भेजे गए। लेकिन जब इलेक्ट्रिक डक्ट के जरिए धुआं तेजी से पूरे कॉम्प्लेक्स में फैलता दिखा, तो स्थिति गंभीर मानते हुए तुरंत ब्रिगेड कॉल जारी किया गया। इसके बाद सूरत फायर ब्रिगेड ने 22 फायर स्टेशनों की टीमों को तैनात कर दिया और बड़े स्तर पर राहत व बचाव कार्य शुरू हुआ।

सूरत महानगरपालिका के चीफ फायर ऑफिसर बसंत पारिक के अनुसार, आग इतनी भयानक थी कि तीसरी, पांचवीं और आठवीं मंजिलों पर धुआं और आग को नियंत्रित करने के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करना पड़ा। लगभग 100 से 125 फायर फाइटर्स ने अपनी जान जोखिम में डालकर इमारत के अंदर प्रवेश किया और करीब तीन घंटे तीस मिनट तक ऑपरेशन चलाया। लगातार संघर्ष के बाद अंततः आग पर काबू पा लिया गया।

शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिकल वायरिंग में शॉर्ट सर्किट को आग का प्राथमिक कारण माना जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि बिजली सप्लाई बंद होने से पहले ही आग वायरिंग के जरिए कई मंजिलों तक पहुंच चुकी थी। दुकानों में भारी मात्रा में कपड़ा और अन्य सामग्री होने के कारण आग और धुआं लगातार बढ़ता रहा।

दमकल विभाग ने फिलहाल पूरी इमारत को सुरक्षित घोषित नहीं किया है और विस्तृत जांच जारी है। राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। बड़े पैमाने पर हुए नुकसान ने कारोबारी समुदाय को चिंता में डाल दिया है और सुरक्षा मानकों पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here