Home देश दुनिया Solan Fire: अर्की बाजार में भीषण अग्निकांड, सात साल के बच्चे की...

Solan Fire: अर्की बाजार में भीषण अग्निकांड, सात साल के बच्चे की मौत, आठ मजदूरों के फंसे होने की आशंका

0
34

Solan Fire: अर्की बाजार में भीषण अग्निकांड, सात साल के बच्चे की मौत, आठ मजदूरों के फंसे होने की आशंका

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की बाजार में देर रात हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। आग की इस भयावह घटना में नेपाली मूल के एक परिवार का घर चपेट में आ गया, जिसमें सात साल के एक मासूम बच्चे का शव मलबे से बरामद किया गया है, जबकि आठ से नौ अन्य लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक यह आग रात करीब दो से तीन बजे के बीच लगी, जब परिवार के सदस्य सो रहे थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठंड से बचने के लिए जलती हुई अंगीठी को घर के अंदर ले जाया गया था, जिससे निकली चिंगारी ने वहां रखे गैस सिलिंडरों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद एक के बाद एक छह से सात सिलिंडरों में जोरदार धमाके हुए और आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। विस्फोट इतने तेज थे कि आसपास के लोग सहम गए और पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, दमकल विभाग, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बचाव अभियान के दौरान मलबे से कुछ मानव अवशेष भी मिलने की बात सामने आई है, जिससे आशंकाएं और गहरा गई हैं।

राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर दो जेसीबी मशीनों से मलबा हटाया जा रहा है ताकि फंसे हुए लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही पलों में पूरा ढांचा ढह गया। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और सभी की निगाहें बचाव कार्य पर टिकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here