थाना कोतवाली नानपारा के अंतर्गत बारावफात के जलूस में भगड़वा मासूपुर गांव में बिजली की एचटी लाइन की चपेट में आने से छह लोगों की मौत हो गई है। वहीं, दो की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा लाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया था। घटना को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा किये गये एक ट्वीट में कहा गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बहराइच में जुलूस के दौरान हुए हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। बताया जा रहा है कि जुलूस के ठेले में लगी लोहे की रॉड बिजली की एचटी तार से टकरा गई। ठेले में करेंट प्रवाहित होने लगा. इसके बाद इसकी चपेट में आने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ा। पुलिस ने बताया कि यह घटना आज सुबह चार बजे की है। सड़क से सुबह के समय बारावफात का जुलूस आ रहा था, इसी दौरान लोग हादसे का शिकार हो गए। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी ने कहा, “इसी ठेले में लगा लोहे का पाइप बिजली के तार से छू गया और लोग करंट की चपेट में आ गए। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में करंट की चपेट में आने से छह लोगों की मौत हो गई।” उन्होंने बताया कि भग्गड़वा निवासी सूफियान (12), इलियास (16) और अशरफ अली (30) तथा मल्हीपुर (श्रावस्ती) के रहने वाले शफीक (12) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, भग्गड़वा निवासी तबरेज (16) और अरफात (10) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे भग्गड़वा गांव के मुराद (18), आफताब (12) और चांदबाबू (18) को बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों के परिजनों ने बताया कि सुबह करीब चार बजे ये लड़के पाइप लगे ठेले को बगल के गांव लेकर जा रहे थे कि तभी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। एक-दूसरे को बचाने में छह लोगों की मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि दुर्घटना अचानक से हुई है और इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। पुलिस बल मौके पर तैनात है।



