Political Controversy: PM मोदी की मां पर AI वीडियो विवाद: दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस IT सेल के खिलाफ FIR दर्ज की
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन मोदी की छवि बिगाड़ने वाले डीपफेक वीडियो को लेकर दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बीजेपी की शिकायत पर नॉर्थ एवेन्यू थाने में कांग्रेस और उसके आईटी सेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
बीजेपी दिल्ली चुनाव प्रकोष्ठ के संयोजक संकित गुप्ता ने आरोप लगाया कि 10 सितंबर 2025 को कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल INC बिहार से प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर एक एआई जनरेटेड फर्जी वीडियो वायरल किया गया। इस वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां की छवि अपमानजनक तरीके से दिखाई गई।
बीजेपी का कहना है कि वीडियो केवल पीएम मोदी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह एक महिला और मातृत्व के प्रति घोर अपमान भी है। शिकायत में बताया गया कि 27-28 अगस्त को बिहार के दरभंगा में कांग्रेस-राजद की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान भी प्रधानमंत्री और उनकी मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गई थीं।
दिल्ली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय दंड संहिता की धाराओं 318(2), 336(3)(4), 340(2), 352, 356(2) और 61(2) के साथ-साथ आईटी एक्ट और डिजिटल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट के प्रासंगिक प्रावधानों में FIR दर्ज की। सभी डिजिटल सबूतों को सुरक्षित कर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की मां का सम्मान सर्वोपरि है, लेकिन कांग्रेस और राजद ने प्रधानमंत्री की दिवंगत मां के बारे में अपशब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने चेतावनी दी कि बिहार की जनता विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।
वहीं, कांग्रेस ने इस आरोप का खंडन किया है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि वीडियो में किसी भी तरह से प्रधानमंत्री या उनकी मां का अनादर नहीं किया गया। उनका कहना था कि यह केवल एक मां का अपने बेटे को सही शिक्षा देने का उदाहरण है।



