Petrol Diesel Price: PM मोदी की अपील के बाद जयपुर में पेट्रोल-डीजल की बढ़ी बिक्री, लोगों में कीमत बढ़ने और किल्लत का डर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील के बाद राजस्थान की राजधानी जयपुर में पेट्रोल और डीजल की बिक्री में अचानक बड़ा उछाल देखने को मिला है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर सामान्य दिनों के मुकाबले 20 से 25 फीसदी तक ज्यादा बिक्री दर्ज की गई है। लोगों के बीच यह आशंका बढ़ रही है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ सकती हैं या फिर आपूर्ति में कमी हो सकती है।
जयपुर के कई इलाकों में लोग बड़ी मात्रा में अपने वाहनों की टंकियां फुल करवाते नजर आए। खासतौर पर पिंक सिटी के पेट्रोल पंपों पर सोमवार और मंगलवार को सामान्य दिनों से ज्यादा भीड़ देखने को मिली।
राजा पार्क इलाके में स्थित HP Petrol Pump के मैनेजर के मुताबिक सोमवार को पेट्रोल-डीजल की बिक्री में करीब 15 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, जबकि मंगलवार को यह आंकड़ा 25 फीसदी तक पहुंचने की संभावना जताई गई।
कुछ लोग प्रधानमंत्री की अपील को देशहित से जोड़कर देख रहे हैं। उनका कहना है कि वह ईंधन की खपत कम करने और संसाधनों की बचत करने की दिशा में कदम उठाएंगे। वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि सरकार भविष्य में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा सकती है, इसलिए लोग पहले से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं।
कई नागरिकों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और तेल बाजार में उतार-चढ़ाव को देखते हुए लोग एहतियात के तौर पर ज्यादा पेट्रोल-डीजल खरीद रहे हैं। हालांकि अभी तक सरकार की ओर से कीमतों में बढ़ोतरी या आपूर्ति में कमी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
फिलहाल जयपुर में पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ और ईंधन की बढ़ी मांग चर्चा का विषय बनी हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अफवाहों से बचते हुए लोगों को आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करना चाहिए।



