Panchkula fire: पंचकूला में शादी समारोह के दौरान भीषण आग, मची अफरा-तफरी
ओरा गार्डन बैंक्वेट हॉल में देर रात लगी आग, बड़ा हादसा टला
हरियाणा के पंचकूला में रविवार देर रात एक भयावह हादसा टल गया जब जीरकपुर-शिमला रोड पर स्थित ओरा गार्डन बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह के दौरान अचानक आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरे हॉल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मेहमान खाना और डांस छोड़कर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में किसी की जान नहीं गई, हालांकि भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, हॉल में शादी का कार्यक्रम चल रहा था जब अचानक आग की लपटें उठीं। कुछ ही मिनटों में आग इतनी तेजी से फैली कि सजावट का सामान, फर्नीचर और कई गाड़ियां जलकर राख हो गईं। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
जीरकपुर की एसीपी गजल प्रीत कौर ने बताया कि “ओरा गार्डन में सुरक्षा के उचित इंतजाम नहीं किए गए थे। गार्डन संचालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के दौरान जीरकपुर, डेराबस्सी और पंचकूला से कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन ट्रैफिक जाम के कारण राहत कार्य में बाधा आई। इसके बावजूद कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया।”
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।



