Noida Crime: 1500 रुपये के विवाद में युवक की हत्या, पत्थर से सिर कुचलकर नाले में फेंका
नोएडा। सेक्टर-64 क्षेत्र में महज 1500 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। मामूली कहासुनी इतना बढ़ गई कि आरोपी ने युवक के सिर पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को नाले में धक्का दे दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है, जो फुटपाथ पर सोकर जीवन यापन करता था। पुलिस के अनुसार राहुल और आरोपी के बीच 1500 रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपी ने गुस्से में आकर राहुल के सिर पर पत्थर से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद सबूत छिपाने के इरादे से आरोपी ने शव को पास के नाले में धकेल दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रवींद्र (30 वर्ष), पुत्र बनवीर सिंह, निवासी पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड को हिरासत में ले लिया है। रवींद्र भी फुटपाथ पर ही रहता था। प्रारंभिक पूछताछ में लेनदेन के विवाद की बात सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



