Noida Sector 10 Fire: नोएडा सेक्टर-10 के कॉमर्शियल टॉवर में भीषण आग, दमकल ने एक घंटे में पाया काबू, जनहानि नहीं

0
23

Noida Sector 10 Fire: नोएडा सेक्टर-10 के कॉमर्शियल टॉवर में भीषण आग, दमकल ने एक घंटे में पाया काबू, जनहानि नहीं

नोएडा, उत्तर प्रदेश – बुधवार सुबह नोएडा के थाना फेज-1 क्षेत्र के सेक्टर-10 में स्थित ए-7 एम पीवी टावर में अचानक लगी भीषण आग ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। आग टावर के तीसरे फ्लोर पर बने एक कॉमर्शियल ऑफिस में लगी, जहां से उठती ऊंची लपटें और घना धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां और मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एडवांस फायर फाइटिंग उपकरणों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगते ही ऑफिस में मौजूद सभी कर्मचारी समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की शुरुआत उस समय हुई जब एक कर्मचारी ने अपना मोबाइल चार्ज करने के लिए लगाया। चार्जर में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारी निकली, जिसने पास रखे कागज़ों और अन्य सामान को आग के हवाले कर दिया। कुछ ही मिनटों में लपटें पूरे ऑफिस में फैल गईं।

टावर के निचले फ्लोर पर फर्नीचर का शोरूम है जबकि ऊपरी मंजिल पर कई कॉमर्शियल ऑफिस हैं। आग लगने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया, लेकिन दमकल विभाग के त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन और समय पर मिली सूचना के कारण बड़ा हादसा टल गया।

नोएडा सीएफओ प्रदीप कुमार ने कहा कि तेज़ी से की गई कार्रवाई और उचित संसाधनों के प्रयोग से आग को सीमित समय में बुझा लिया गया। फिलहाल, शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी आग में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here