Noida Road Accident: नोएडा में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक से टकराई तेज रफ्तार जैगुआर, युवक की मौत, तीन घायल
नोएडा के सेक्टर 49 इलाके में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार में चल रही एक जैगुआर कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लग्जरी जैगुआर कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में 19 वर्षीय युवक फलक अहमद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है और सभी का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा थाना सेक्टर 49 क्षेत्र में हुआ। जैगुआर कार सवार युवक तेज गति से ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ट्रक से जा टकराई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क पर मलबा बिखर गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने 19 वर्षीय फलक अहमद को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार कार में कुल चार लोग सवार थे। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महंगी जैगुआर कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद कैंटर यानी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश में टीमें लगाई गई हैं।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और ओवरटेक करते समय विशेष सावधानी बरतें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।



