Meghalaya Crime: मेघालय में ड्रग तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 51 करोड़ की हेरोइन और मेथ जब्त, 3 गिरफ्तार
मेघालय। राज्य पुलिस और एंटी-नारकोटिक्स टास्क फ़ोर्स (ANTF) ने मेघालय में अब तक की सबसे बड़ी ड्रग जब्ती की है। ईस्ट जैंतिया हिल्स ज़िले के राताचेरा इलाके में नाका-चेकिंग के दौरान पुलिस ने 51.13 करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन और मेथामफेटामाइन जब्त की। इस कार्रवाई में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चेकिंग के दौरान एक गाड़ी रोकी गई और उसकी तलाशी ली गई। गाड़ी में मौजूद तीन लोगों में से एक के पास 19 प्लास्टिक साबुन के डिब्बे मिले, जिनमें 203.7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। वहीं गाड़ी में बैठे दूसरे व्यक्ति के नीले ट्रॉली बैग में 10.145 किलोग्राम क्रिस्टल मेथ (मेथामफेटामाइन) टैबलेट मिली, जो भारत में प्रतिबंधित हैं।
ANTF के चीफ विकास कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी एक इंटरस्टेट और क्रॉस-बॉर्डर ड्रग ट्रैफिकिंग सिंडिकेट से जुड़े थे। इस बड़ी जब्ती से मेघालय में नशीले पदार्थों की तस्करी पर कड़ा संदेश गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपीयों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस कार्रवाई को राज्य में अब तक की सबसे बड़ी नारकोटिक्स जब्ती बताया जा रहा है, जिससे नशीले पदार्थों की रोकथाम और अपराध नियंत्रण के प्रयासों को मजबूती मिली है।



