Latur Car Accident: महाराष्ट्र लातूर BMW एक्सीडेंट: 4 की मौत, 2 गंभीर घायल
महाराष्ट्र के लातूर जिले से दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। लातूर-तुलजापुर हाईवे पर तेज रफ्तार BMW कार ने ट्रक और कंटेनर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसा औसा के पास देर रात हुआ। जानकारी के अनुसार, सांगली जिले की BMW कार किसी काम से लातूर आई थी। काम खत्म करने के बाद कार में सवार लोग शिवली में खाना खाकर औसा की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रक और कंटेनर को कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि लकड़ी से भरा ट्रक करीब सौ फीट दूर जाकर पलट गया और BMW कार पूरी तरह चकनाचूर होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद सड़क पर खून बिखर गया और चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो गंभीर घायल लोगों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह पहला मौका नहीं है जब महाराष्ट्र में लग्जरी कार हादसे का शिकार हुई हो। पिछले एक साल में ऐसे मामले तेजी से बढ़े हैं। कई मामलों में कार चालक नाबालिग पाए गए, जो कानूनी कार्रवाई से बच जाते हैं। मई 2024 में पुणे में पोर्श और सितंबर 2025 में मुंबई कोस्टल रोड पर लैंबॉर्गिनी हादसा चर्चा में रहे।



