
Kulgam Encounter: कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, मस्जिद में छिपा लश्कर का मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट ढेर
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार सुबह शुरू हुई मुठभेड़ में जवानों ने लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट को मार गिराया। आतंकी देवसर के जांगलपोरा इलाके की एक मस्जिद में छिपा हुआ था।
अधिकारियों के अनुसार जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आतंकी को घेर लिया था। उसे कई बार आत्मसमर्पण करने का मौका दिया गया, लेकिन वह फायरिंग करता रहा, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे ढेर कर दिया गया।
कुलगाम के एसएसपी इनायत अली ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सभी सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर पूरी योजना के तहत अभियान शुरू किया था। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद वीडियो कॉल पर लतीफ से काफी देर बात की और उसे समझाया कि वह अभी युवा है और उसकी पूरी जिंदगी बाकी है, लेकिन वह आत्मसमर्पण के लिए तैयार नहीं हुआ।
एसएसपी के मुताबिक बाद में लतीफ एक मस्जिद के अंदर चला गया। वहां भी कई बार एलान कर उसे सरेंडर करने को कहा गया, लेकिन उसने इनकार करते हुए मस्जिद के अंदर से सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी।

इससे पहले सोमवार को कुलगाम के लारू में हुई मुठभेड़ में लतीफ का साथी आतंकी मारा गया था, जबकि लतीफ उस समय घेराबंदी से बचकर भाग निकला था। इसके बाद से ही सुरक्षाबल लगातार उसकी तलाश में अभियान चला रहे थे।
गौरतलब है कि 11 नवंबर को कुलगाम के अखरन में लतीफ ने आतंकी उमर निसार के साथ मिलकर सीआरपीएफ के नाके पर गोलीबारी की थी, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। तभी से सुरक्षाबल दोनों की तलाश में जुटे थे।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि हमले से एक दिन पहले 10 नवंबर को दोनों आतंकियों ने कुलगाम के मीर बाजार, अखरन, हबलिश और किलम में घूमकर सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के स्थानों की रेकी की थी। जांच में यह भी पता चला कि उमर निसार पिछले छह महीने से लतीफ को पनाह दे रहा था।





आपकी राय