
Delhi Pollution: प्रदूषण नियंत्रण के लिए एक्शन मोड में रेखा गुप्ता सरकार, 10 दिनों में 13 हजार से ज्यादा चालान
दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार ने प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों पर कार्रवाई तेज कर दी है। निर्माण स्थलों से उड़ती धूल, सड़कों पर जमा मिट्टी, खुले में कचरा जलाने और पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दिल्ली नगर निगम विशेष अभियान चला रहा है। दावा है कि पिछले 10 दिनों में 13 हजार से अधिक चालान किए गए हैं।
दिल्ली प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह ने सरकार की इस कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए कहा कि दिल्लीवासियों को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में प्रदूषण नियंत्रण के लिए केवल योजनाएं नहीं बनाई जा रहीं, बल्कि संबंधित विभागों के जरिए जमीनी स्तर पर कार्रवाई भी की जा रही है।
दर्शन सिंह के मुताबिक, नगर निगम ने 1,559 निर्माणाधीन स्थलों का निरीक्षण किया। इनमें 449 स्थानों पर पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिसके बाद 68 लाख रुपये से अधिक का पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया। इसके अलावा प्रदूषण नियंत्रण और निगरानी के लिए 164 रात्रि गश्ती दल और 134 दिन के गश्ती दल तैनात किए गए हैं।

सड़कों पर उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए 167 वाटर स्प्रिंकलर और 40 एंटी स्मॉग गन के माध्यम से भी प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान और पर्यावरणीय जुर्माने की कार्रवाई जारी है।
दर्शन सिंह ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण की समस्या का समाधान किसी एक विभाग के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए दिल्ली सरकार, नगर निगम, संबंधित विभागों और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुले में कचरा न जलाएं, निर्माण स्थलों पर पर्यावरणीय नियमों का पालन करें और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें।
उन्होंने उम्मीद जताई कि लगातार निगरानी, सख्त कार्रवाई और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों से दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में सुधार होगा।





आपकी राय