Khukhrain Mahasamagam: खुखरायण महासमागम 2026 — एकता, सहयोग और सामाजिक सेवा का भव्य संगम : राजीव साहनी
नई दिल्ली ( स्पर्श भारद्वाज ) : खुखरैन वर्ल्ड ब्रदरहुड द्वारा आयोजित खुखरायण महासमागम 2026 का आयोजनकड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन के पास बैकेंट हाल , पूर्वी दिल्ली में किया गया। देश के विभिन्न क्षेत्रों से खुखरायण समाज की विभिन्न यूनिटों के प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, वरिष्ठ सदस्यों एवं परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
खुखरायण वर्ल्ड ब्रदरहुड कई दशकों से भारत व पूरे विश्व में खुखरायण जाति के नेतृत्व वाली छोटी या बड़ी यूनिट्स के लिए एक बड़ी छतरी के रूप में मार्गदर्शक का कार्य करती है। महासमागम प्रति वर्ष एक मिलन समारोह के रूप में आयोजित किया जाता है परन्तु किसी कारणवश यह 2025 में नहीं हो सका। इस का मुख्य उद्देश्य देशभर की खुखरायण संस्थाओं और परिवारों को एक साझा मंच पर लाकर एकता, आपसी सहयोग, सामाजिक सेवा और आने वाली पीढ़ियों को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ना रहता है। कार्यक्रम में खुखरायण समाज के इतिहास, विभाजन के दौरान पूर्वजों द्वारा झेले गए संघर्ष, उनके साहस एवं परिश्रम तथा आज विभिन्न क्षेत्रों में समाज की उपलब्धियों पर विचार-विमर्श किया गया। राजीव साहनी, अध्यक्ष, खुखरायण वर्ल्ड ब्रदरहुड ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने विस्थापन की कठिन परिस्थितियों में भी आत्मसम्मान, मेहनत, ईमानदारी और संस्कारों को नहीं छोड़ा तथा शून्य से अपने परिवारों और समाज का पुनर्निर्माण किया।
खुखरैन वर्ल्ड ब्रदरहुड पिछले कई दशकों से सामाजिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता के लिए विभिन्न सेवा गतिविधियों में योगदान देता रहा है। इनमें जरूरतमंद परिवारों के निःशुल्क मेडिकल चेकअप एवं चिकित्सा सुविधाएं, गरीब कन्याओं की शिक्षा एवं विवाह, रक्त दान, स्वास्थ्य सहयोग तथा अन्य आवश्यक सहयोग शामिल हैं। महासमागम में इस सेवा परंपरा को और मजबूत करने तथा समाज के जरूरतमंद परिवारों तक सहयोग पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
पूर्व सांसद आर के आनंद व पूर्व गवर्नर (मिज़ोरम) अमोल रतन कोहली कार्यक्रम में इस बात पर विशेष बल दिया कि देश के विभिन्न शहरों एवं क्षेत्रों में कार्यरत खुखरायण यूनिटों के बीच नियमित संवाद एवं सहयोग बढ़ाया जाए। खुखरैन वर्ल्ड ब्रदरहुड का उद्देश्य सभी यूनिटों को एक साझा मंच पर लाकर समाज की सामूहिक शक्ति को मजबूत करना है। विशिष्ट अतिथि विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री सुनील सुरी ने नई पीढ़ी को समाज की विरासत से जोड़ने, प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा समाज के युवाओं के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने की आवश्यकता पर ध्यान केंद्रित करने को कहा ।
समागम में ‘खुखरायण पत्रिका’ को समाज की उपलब्धियों, संघर्षों, प्रतिभाओं, सामाजिक गतिविधियों एवं जीवनगाथाओं को सुरक्षित रखने और एक-दूसरे तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया। सदस्यों से आग्रह किया गया कि वे अपने माता-पिता, परिवार के वरिष्ठ सदस्यों तथा समाज की प्रेरणादायक विभूतियों की जीवन-यात्रा और संघर्षों को पत्रिका के माध्यम से साझा करें, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने इतिहास और विरासत से परिचित हो सकें।
महासमागम में समाज की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं एवं वरिष्ठजनों के सम्मान के साथ-साथ आपसी संवाद का अवसर मिला। कार्यक्रम में प्रसिद्ध अतिथि गायक शंकर साहनी , धीरज आनंद और शिव कोहली द्वारा संगीत कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सदस्यों का मनोरंजन किया और समारोह में उत्साह का वातावरण बनाया। समागम में श्री आर. के. आनंद, चेयरमैन, पूर्व गवर्नर श्री अमोलक रतन कोहली, चीफ पैट्रन, सुनील सुरी, विवेक आनंद, मनीष चड्डा व रमेश गर्ग निगम पार्षद, सहित खुखरायण समाज के अनेक वरिष्ठ सदस्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
खुखरैन वर्ल्ड ब्रदरहुड की ओर से राजीव साहनी, गुरचरण घई, गिरधारी लाल कोहली, दीपक भसीन, आशीष सभरवाल, मधुकर सूरी, विशाल चड्ढा सहित अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन में सहयोग किया।
समापन अवसर पर देशभर से आए सभी खुखरायण यूनिटों, पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों, परिवारों, अतिथियों एवं सहयोगियों का हार्दिक आभार श्री राजीव साहनी, अध्यक्ष, खुखरायण वर्ल्ड ब्रदरहुड द्वारा व्यक्त किया गया और भविष्य में भी इसी प्रकार मिलकर समाज को मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया।



