राजस्थान आज बस और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई है जिसमें 4 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार, राजस्थान के जोधपुर जिले में शुक्रवार को एक सवारियों से भरी बस और ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई और 24 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। ये भीषण सड़क हादसा जोधपुर से 40 किलोमीटर दूर मथानिया इलाके में हुआ है। मथानिया थाना क्षेत्र में हाईवे पर बस और ट्रक दोनों में आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने बस में सवार यात्रियों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला। लेकिन बस और ट्रक के आगे के हिस्से में बैठे लोग उसमें फंस रह गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा 3.30 बजे के करीब हुआ है। बताया जा रहा है कि बस ओसियां से जोधपुर की ओर जा रही थी। अभी बस मथानिया बाईपास के पास पहुंची ही थी कि सामने से आ रहे ट्रक के आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस के ड्राइवर कैबिन में बैठे यात्रियों में से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कई घायल हो गए। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। करीब 32 लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, घायलों में से 6 लोगों की हालत गंभीर है। उन्हें इलाज के लिए एमडीएम अस्पताल जोधपुर में भर्ती कराया गया है। जबकि बाकी का इलाज मथानिया के स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।



