Jaipur Dumper Accident: जयपुर में फिर मौत बनकर दौड़ा डंपर, युवक को 100 मीटर तक घसीटा, शव के तीन टुकड़े
फागी कोर्ट के सामने हुआ भीषण हादसा
जयपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार डंपर का कहर देखने को मिला। बुधवार को फागी कोर्ट के सामने बजरी से भरे एक डंपर ने सड़क पार कर रहे युवक को बेरहमी से कुचल दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि डंपर ने युवक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे उसका शव तीन हिस्सों में बंट गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर डंपर को रुकवाया और डर के मारे भागने की कोशिश कर रहे चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
मृतक की पहचान लदाना गांव के गणेश माली के रूप में
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान लदाना गांव के गणेश माली के रूप में हुई है। वह फागी कोर्ट के सामने सड़क पार कर रहा था कि अचानक बजरी से लदे डंपर ने तेज रफ्तार में उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना इतनी भयावह थी कि कुछ ही पलों में सड़क खून से लाल हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया
सूचना मिलते ही फागी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गणेश का शव एंबुलेंस से फागी अस्पताल भिजवाया गया। वहीं, पुलिस ने डंपर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, चालक से पूछताछ जारी है और यह जांच की जा रही है कि क्या वह नशे की हालत में था।
सिरसी गांव में भी डंपर चालक ने मचाई दहशत
इसी दिन जयपुर के सिरसी गांव में भी एक शराबी डंपर चालक ने टेम्पो में जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। जब स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ा, तो वह नशे में धुत्त पाया गया और उसके वाहन से शराब की बोतलें भी बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर डंपर जब्त कर लिया।
जयपुर में पिछले कुछ दिनों से डंपरों की रफ्तार मौत का कारण बन रही है। कुछ ही दिन पहले हरमाड़ा इलाके में एक अन्य डंपर हादसे में 14 लोगों की मौत और 40 घायल हुए थे। बताया गया कि उस वक्त डंपर चालक भी शराब के नशे में था और उसने बेकाबू होकर एक कार व चार अन्य वाहनों को टक्कर मार दी थी। यह हादसा लोहामंडी रोड पर हुआ था, जिसके बाद चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
बजरी माफियाओं पर कार्रवाई की मांग तेज
लगातार हो रहे हादसों से लोगों में आक्रोश है। जयपुरवासियों का कहना है कि बजरी माफिया और डंपर चालकों पर सख्त कार्रवाई न होने के कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। फागी और हरमाड़ा जैसे हादसे यह साबित करते हैं कि प्रशासनिक सख्ती के अभाव में सड़कें मौत के जाल में तब्दील हो चुकी हैं।
स्थानीय लोगों में गुस्सा और भय का माहौल
फागी कोर्ट के सामने हुई इस ताजा वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव और भय का माहौल है। लोग डंपरों की अनियंत्रित रफ्तार से परेशान हैं और प्रशासन से कड़ी निगरानी, गति सीमा और नियमित जांच की मांग कर रहे हैं।



