Home देश दुनिया Hyderabad fire incident: हैदराबाद अग्निकांड: चारमीनार के पास इमारत में भीषण आग,...

Hyderabad fire incident: हैदराबाद अग्निकांड: चारमीनार के पास इमारत में भीषण आग, 17 की दर्दनाक मौत

0
105

Hyderabad fire incident: हैदराबाद अग्निकांड: चारमीनार के पास इमारत में भीषण आग, 17 की दर्दनाक मौत

हैदराबाद के ऐतिहासिक चारमीनार इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 17 लोगों की जान चली गई है, जबकि कई अन्य लोग झुलस कर घायल हो गए हैं। आग इतनी भयावह थी कि उसने पल भर में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। यह हादसा सुबह करीब 6:16 बजे हुआ, जब लोगों ने इमारत से धुआं निकलता देखा और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।

दमकल विभाग ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए 11 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। तेलंगाना फायर सर्विस के महानिदेशक नागी रेड्डी ने बताया कि आग सबसे पहले इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लगी और वहां से तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। इमारत के अंदर उस समय कुल 21 लोग मौजूद थे, जिनमें से 11 को पहली मंजिल से और 4 को ऊपरी मंजिल से रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों को DRDO अस्पताल, उस्मानिया जनरल अस्पताल और एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, लेकिन सटीक कारणों की पुष्टि के लिए फोरेंसिक और अग्निशमन विभाग की जांच जारी है।

इस त्रासदी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख की आर्थिक सहायता और घायलों को ₹50,000 की सहायता राशि देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “हैदराबाद में आग की त्रासदी से जानमाल के नुकसान से गहरा दुख हुआ है। जिन परिवारों ने अपनों को खोया, उनके प्रति संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

इस भीषण हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मौके पर मौजूद हैं। पूरे इलाके को घेर लिया गया है, और राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। फायर ब्रिगेड की टीमें अब भी बिल्डिंग से धुआं निकालने और बाकी हिस्सों को ठंडा करने की प्रक्रिया में जुटी हैं। इस हादसे ने एक बार फिर से आग से सुरक्षा उपायों और इमारतों में फायर सेफ्टी नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here