
Lucknow Road Accident: लखनऊ में भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस पलटने से पांच की मौत, कई घायल
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को काकोरी इलाके के गोलाकुआं के पास एक भयावह सड़क हादसा हो गया। हरदोई से लखनऊ की ओर आ रही कैसरबाग डिपो की रोडवेज बस अचानक बेकाबू होकर 20 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और गोलाकुआं के पास उसकी टक्कर एक टैंकर से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस चालक ने नियंत्रण खो दिया। हादसे के दौरान बस सड़क किनारे खड़े कई लोगों को भी अपनी चपेट में लेती चली गई। पलटने के बाद कई यात्री बस के नीचे दब गए, जिन्हें बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चीख-पुकार और घायलों की दर्दनाक स्थिति देखकर लोग सहम गए। हादसे की जानकारी मिलते ही काकोरी पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जेसीबी मशीन की मदद से बस को सीधा किया गया और दबे हुए यात्रियों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और बस व टैंकर के ड्राइवरों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। मृतकों की पहचान की जा रही है और उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को सांत्वना देते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर से तेज रफ्तार और लापरवाही से होने वाले सड़क हादसों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाए और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


