Ghaziabad Encounter: यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमले का आरोपी जीशान एनकाउंटर में ढेर, एक लाख का इनामी
उत्तर प्रदेश के Ghaziabad में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। घटना लोनी थाना क्षेत्र के निठौरा अंडरपास के पास हुई, जहां रविवार रात पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच करीब 10 मिनट तक फायरिंग चली।
पुलिस के अनुसार, बदमाशों को रुकने का इशारा किया गया था, लेकिन उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मारे गए आरोपी की पहचान जीशान (27 वर्ष) निवासी नगला सैफी, जिला अमरोहा के रूप में हुई है। जीशान पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
इस मामले में मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने गाजियाबाद पुलिस और एसटीएफ को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे, जिसके बाद आरोपी की तलाश तेज कर दी गई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में जीशान की पहचान हुई थी, जिसमें वह बाइक पर पीछे बैठा नजर आया था। पुलिस ने उसके पास से पिस्टल, कारतूस, हमले में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड और बाइक बरामद की है।
मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनमें हेड कांस्टेबल सचिन कुमार और विपिन ठाकुर शामिल हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गाजियाबाद पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने सलीम वास्तिक पर चाकू से हमला किया था और वारदात के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



