Deoria Medical College: देवरिया मेडिकल कॉलेज की पानी टंकी में मिली लाश, DM दिव्या मित्तल ने किया मुआयना
उत्तर प्रदेश के देवरिया में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की पांचवीं मंजिल पर स्थित पानी की टंकी में अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बीते सोमवार को मरीजों और तीमारदारों ने टंकी के पानी में दुर्गंध की शिकायत की थी। जब सफाईकर्मी टंकी साफ करने पहुंचे और ढक्कन हटाया, तो अंदर सड़ी-गली लाश दिखाई दी।
सूचना मिलने पर मेडिकल और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे। देर रात फायर ब्रिगेड की टीम और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को सुरक्षित बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए और जांच शुरू कर दी।
इस गंभीर घटना के बाद जिलाधिकारी दिव्या मित्तल खुद घटनास्थल पर पहुंचीं और पांचवीं मंजिल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक चूक और जिम्मेदारी तय करने के लिए सीडीओ की अध्यक्षता में टीम गठित की गई है। इसमें सीआरओ, सीओ सिटी और डॉक्टर भी शामिल हैं। जांच रिपोर्ट बुधवार तक प्रस्तुत की जाएगी।
फिलहाल, पानी की टंकी को सील कर दिया गया है और टैंकर के माध्यम से पानी की आपूर्ति जारी रहेगी। डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि जो भी इस घटना के लिए जिम्मेदार होगा, उसकी जवाबदेही तय की जाएगी। यह मामला न केवल मेडिकल कॉलेज प्रशासन के लिए बल्कि मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर चेतावनी है।



