Home देश दुनिया Delhi Mumbai Expressway accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, महाकाल दर्शन से...

Delhi Mumbai Expressway accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, महाकाल दर्शन से लौट रहे 4 श्रद्धालकों की मौत

0
38

Delhi Mumbai Expressway accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, महाकाल दर्शन से लौट रहे 4 श्रद्धालकों की मौत

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर राजस्थान के दौसा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी, जिससे कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक उत्तर प्रदेश के नोएडा के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर लौट रहे थे।

हादसा दौसा के पापड़दा इलाके में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पिलर नंबर 193 के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, हरियाणा नंबर की अर्टिगा कार तेज गति से चल रही थी और अचानक सामने चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रक चालक को हादसे का तुरंत अंदाजा नहीं हुआ और वह कार को लगभग आठ किलोमीटर तक घसीटता चला गया। इस दौरान कार में सवार लोगों को संभलने या बचने का कोई मौका नहीं मिला। कार में फंसे शवों को निकालने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे की सूचना मिलते ही पापड़दा और नांगल राजावतान थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल युवक ने पुलिस को बताया कि टक्कर के बाद ट्रक कार को काफी दूर तक घसीटता रहा।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के असल कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को ही इस भीषण हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

यह हादसा एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है, जहां एक पल की चूक जिंदगी भर का दर्द दे जाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here