Delhi Crime: दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल पर पत्नी की हत्या का आरोप, जन्मदिन पर गोली मारकर की गई वारदात, आरोपी फरार
राजधानी दिल्ली से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पूर्वी जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) में तैनात दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल मनीष भाटी पर अपनी पत्नी प्रियंका की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना की सबसे दर्दनाक बात यह है कि जिस दिन प्रियंका का जन्मदिन था, उसी दिन उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी कांस्टेबल फरार हो गया, जिसकी तलाश में दिल्ली पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के करीब तीन बजे लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल के पास एक महिला के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। उसी दौरान वहां से गुजर रहे एक डिलीवरी बॉय ने महिला को देखा और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल एलबीएस अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। प्रारंभिक जांच में मृतका के पति और दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल मनीष भाटी की कथित भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पैदल अपने न्यू विनोद नगर स्थित घर पहुंचा और वहां से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
मृतका प्रियंका मूल रूप से उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सादोपुर गांव की रहने वाली थीं। वर्ष 2022 में उनकी शादी मनीष भाटी से हुई थी। वह दिल्ली के अशोक विहार स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। परिवार के अनुसार, प्रियंका आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर थीं और नौकरी कर रही थीं।
मृतका के पिता अजीत सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले महिला प्रकोष्ठ में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। हालांकि, परिवार का आरोप है कि इसके बावजूद प्रताड़ना बंद नहीं हुई।
परिजनों का यह भी आरोप है कि आरोपी मनीष भाटी शादी के बाद से 50 लाख रुपये कीमत की कार की मांग कर रहा था। परिवार ने आरोप लगाया है कि इस पूरे मामले में आरोपी की मां और बड़ा भाई भी शामिल हैं। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी प्रमाणों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।



