Odisha: पुरी जा रही बांग्लादेशी तीर्थयात्रियों की बस पलटी, एक की मौत, 20 से अधिक घायल
ओडिशा में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में बांग्लादेशी तीर्थयात्रियों की बस पलटने से एक यात्री की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना भुवनेश्वर-पुरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर उत्तरा इलाके के पास सुबह लगभग 3 बजे हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में चटगांव (बांग्लादेश) से आए करीब 100 तीर्थयात्रियों का दल सवार था, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों के साथ 17 बच्चे भी शामिल थे। यह समूह 17 मार्च को भारत पहुंचा था और अयोध्या, द्वारका जैसे धार्मिक स्थलों की यात्रा करने के बाद भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए पुरी जा रहा था।
हादसे का कारण ड्राइवर की झपकी को बताया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बस चालक गाड़ी चलाते समय नींद में था, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में एक तीर्थयात्री की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
दूसरी बस में सवार तीर्थयात्रियों, स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत कैपिटल अस्पताल, भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया। इसी दौरान एक एंबुलेंस, जो घायलों को अस्पताल ले जा रही थी, शिशु भवन स्क्वायर के पास ओवरब्रिज की रेलिंग से टकरा गई, जिससे कुछ घायलों को और ज्यादा चोटें आ गईं।
फिलहाल सभी घायलों का इलाज चिकित्सकों की विशेष टीम द्वारा किया जा रहा है। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों को गति दी और पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। बस चालक से पूछताछ की जा रही है और ट्रैवल एजेंसी की जिम्मेदारी की भी जांच हो रही है।
इस दुखद घटना ने एक बार फिर रात में लंबी दूरी की यात्रा के दौरान ड्राइवर की सतर्कता और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ओडिशा प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी घायलों को हरसंभव चिकित्सा सहायता दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



