
Ajaz Khan Show House Arrest: उल्लू ऐप के हाउस अरेस्ट शो पर विवाद, बंद करने की मांग तेज
ओटीटी प्लेटफॉर्म उल्लू पर प्रसारित रियलिटी शो ‘हाउस अरेस्ट’ इस वक्त बड़े विवाद में घिर गया है। सोशल मीडिया पर इस शो को लेकर जबरदस्त नाराजगी देखने को मिल रही है। शो की कुछ तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं, जिनमें महिला कंटेस्टेंट्स कपड़े उतारते हुए नजर आ रही हैं। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद शो के खिलाफ विरोध की लहर दौड़ गई है और इसे बंद करने की मांग उठने लगी है। लोगों का कहना है कि इस तरह की अश्लीलता ओटीटी प्लेटफॉर्म के जरिए घर-घर परोसी जा रही है, जिससे युवाओं पर गलत असर पड़ रहा है।
विवाद इतना बढ़ गया कि अब यह मामला राजनीतिक गलियारों तक पहुंच गया है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भी शो के खिलाफ आवाज उठाई है। उन्होंने कहा है कि ‘यह नहीं चलेगा’ और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की कमेटी इसकी जांच करेगी। निशिकांत दुबे के बयान के बाद माना जा रहा है कि जल्द ही इस शो पर सरकारी कार्रवाई भी हो सकती है।
इधर शो के होस्ट एजाज खान ने भी सोशल मीडिया पर अपनी सफाई दी है। उन्होंने लिखा है, “गेम खेलना है तो आपस में खेलो, मेरे साथ मत खेलो।” एजाज का यह बयान वायरल तस्वीरों के बाद आया है, लेकिन इससे लोगों का गुस्सा कम होता नजर नहीं आ रहा है।

बताया जा रहा है कि शो में वायरल तस्वीरें एक टास्क के दौरान की हैं, जिसमें कंटेस्टेंट्स को कपड़े उतारने और अलग-अलग सेक्स पोजिशन करने को कहा गया था। आरोप ये भी लग रहे हैं कि होस्ट एजाज खान ने ही कंटेस्टेंट्स को ऐसा करने का आदेश दिया था। हालांकि शो के मेकर्स की तरफ से अब तक इस पूरे विवाद पर कोई बयान सामने नहीं आया है।
फिलहाल सोशल मीडिया पर लोग लगातार शो को बंद करने और ओटीटी कंटेंट पर सेंसर की मांग कर रहे हैं। मामला गरमाया हुआ है और आने वाले दिनों में इस पर कोई बड़ा फैसला हो सकता है।





आपकी राय