Maharashtra Bhivandi Clash: पूर्व मेयर के घर पर पथराव, भाजपा विधायक के बेटे पर आरोप
Maharashtra के भिवंडी में राजनीतिक टकराव ने हिंसक रूप ले लिया। भिवंडी नगर निगम चुनाव में कोणार्क विकास अघाड़ी के जीतने वाले उम्मीदवार और पूर्व मेयर विलास पाटिल व उनकी पत्नी प्रतिभा पाटिल के बंगले पर अज्ञात हमलावरों ने पथराव किया। पाटिल ने आरोप लगाया कि यह हमला बीजेपी विधायक महेश चौगुले के बेटे मित चौगुले और उनके समर्थकों ने किया।
हमले में पाटिल की पत्नी भी घायल हुई। घटना के बाद पाटिल के समर्थकों ने छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और मौके पर बड़ी संख्या में फोर्स तैनात की। दोनों विरोधी समूहों ने निजामपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, और उनके आधार पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने अभी हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या की आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है।
चुनाव परिणामों के अनुसार, कोणार्क विकास अघाड़ी ने चारों उम्मीदवारों के साथ BJP को हराया और अपने वार्ड में दबदबा बनाए रखा। कांग्रेस ने 30 और एनसीपी-सपा ने 12 सीटें जीतकर नगर निगम में सत्ता पर कब्जा करने की कोशिश की। खास बात यह रही कि समाजवादी पार्टी के भिवंडी ईस्ट विधायक रईस शेख ने कांग्रेस का समर्थन किया, जिससे लगभग 24 कांग्रेस उम्मीदवार जीत गए। इस घटना ने पूरे इलाके में तनाव बढ़ा दिया, हालांकि पुलिस ने स्थिति पर काबू पा लिया है।



