स्वच्छता अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के लिए किया जाएगा जागरूक : प्रवीण निमेष
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 17 अगस्त 2026 को दिल्ली को कूड़े से आजादी-स्वच्छता अभियान 2026 का शुभारंभ किया है। इसी विषय पर बात करते हुए गोकुलपुर विधानसभा से भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी प्रवीण निमेष ने कहा कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य राजधानी को पूरी तरह से कचरा मुक्त और साफ व स्वच्छ बनाना है। उन्होंने बताया कि यह अभियान 2 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा। प्रवीण निमेष ने बताया कि एमसीडी, एनडीएमसी, दिल्ली छावनी बोर्ड सहित दिल्ली सरकार के सभी विभागाध्यक्षों को इस स्वच्छता अभियान के तहत विस्तृत दिशा निर्देश व एक्शन प्लान भी जारी किया गया है जिसमें प्रतिदिन की गतिविधि के साथ साप्ताहिक योजना तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत रोजाना व्यापक साफ सफाई की जाएगी, संवेदनशील स्थानों की सफाई होगी, सड़कों व फुटपाथों की डीप क्लीनिंग होगी, रात्रि कालीन सफाई और गड्ढों की मरम्मत जैसे कार्य किए जाएंगे। प्रवीण निमेष ने कहा कि त्योहारों का समय आ रहा है और ऐसे में स्वच्छता अभियान चलाने से वातावरण साफ व स्वच्छ रहेगा और लोगों को भी त्यौहारों का मज़ा आएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता शुरू से ही दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम की प्राथमिकता रही है और उसी प्राथमिकता के तहत यह अभियान चलाया गया है। प्रवीण निमेष ने बताया कि इस अभियान के तहत सोमवार को पोस्टरों व अवैध पंफलेटों को हटाने, मंगलवार को सामुदायिक भवनों की सफाई, बुधवार को रेलवे ट्रैक व रिंग रोड सफाई, बृहस्पतिवार को अधिक कूड़ा उत्पादक स्थानों का निरीक्षण, शुक्रवार को वार्ड स्तरीय समीक्षा और शनिवार को झुग्गी-झोपड़ियों में विशेष सफाई ड्राइव चलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि आरडब्ल्यूए व बाजार संगठनों को भी साथ लेकर सार्वजनिक स्थानों पर सफाई अभियान चलाकर कूड़े को हटाया जाएगा तथा पौधारोपण को बढ़ावा दिया जाएगा। प्रवीण निमेष ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता भी इस अभियान में खूब जोरों शोरों से हिस्सा ले।



