Maharashtra TET 2026: पेपर लीक के बाद महाराष्ट्र टीईटी परीक्षा रद्द, कई संदिग्ध हिरासत में
महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (Maharashtra TET 2026) कथित पेपर लीक के कारण विवादों में आ गई है। भिवंडी में प्रश्नपत्र से जुड़े सवाल लीक होने की सूचना मिलने के बाद रविवार को आयोजित होने वाली टीईटी परीक्षा को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 27 जून 2026 की सुबह भिवंडी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोगों के पास टीईटी परीक्षा के प्रश्नपत्र से जुड़ी गोपनीय जानकारी मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। जांच में पाया गया कि संदिग्धों के पास मौजूद कुछ प्रश्न टीईटी जून 2026 के वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाते हैं। इसके बाद भिवंडी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
पेपर लीक की आशंका के बाद महाराष्ट्र शिक्षा विभाग ने रविवार को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया। विभाग ने कहा है कि सभी आवश्यक प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद परीक्षा की नई तारीख घोषित की जाएगी।
मामला सामने आने के बाद विपक्ष ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर कहा कि NEET के बाद अब TET परीक्षा का पेपर लीक होना शिक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता है। वहीं भिवंडी विधायक रईस शेख ने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक की घटनाएं प्रशासनिक नाकामी का प्रमाण हैं और शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रश्नपत्र लीक में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों से नई परीक्षा तिथि की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करने की अपील की है।



