Home देश दुनिया Yamuna Expressway Accident: टॉयलेट के लिए बस से उतरे यात्रियों को कंटेनर...

Yamuna Expressway Accident: टॉयलेट के लिए बस से उतरे यात्रियों को कंटेनर ने कुचला, 6 की दर्दनाक मौत

0
45

Yamuna Expressway Accident: टॉयलेट के लिए बस से उतरे यात्रियों को कंटेनर ने कुचला, 6 की दर्दनाक मौत

नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन-88 के पास सुबह करीब 2:45 बजे हुआ, जिसने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा और लापरवाही के सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही एक प्राइवेट बस में सवार कुछ यात्रियों ने लघुशंका के लिए ड्राइवर से बस रोकने की मांग की थी। ड्राइवर ने नियमों की अनदेखी करते हुए ग्रीन जोन में बस रोकने के बजाय एक्सप्रेसवे पर ही सड़क किनारे बस खड़ी कर दी। जैसे ही यात्री बस से उतरकर सड़क किनारे गए, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक कंटेनर ने पहले बस में जोरदार टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े यात्रियों को रौंद दिया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के पास खड़े यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी असलम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष सहित दो अन्य यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, औरैया के बेला निवासी अमर दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल की तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं, जहां सड़क पर खून फैला हुआ नजर आया। पुलिस ने कंटेनर चालक और बस चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में यह अहम सवाल सामने आ रहे हैं कि आखिर बस चालक ने एक्सप्रेसवे पर नियमों के खिलाफ बस क्यों रोकी, ग्रीन जोन का इस्तेमाल क्यों नहीं किया गया और कंटेनर की रफ्तार इतनी तेज क्यों थी। प्रशासन का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here