Yamuna Cleanup Campaign: यमुना तटों पर सफाई अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल : निर्मल गुप्ता
नई दिल्ली, (रविंद्र कुमार): राजधानी दिल्ली में यमुना को स्वच्छ, निर्मल और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न घाटों पर चलाया गया विशेष सफाई अभियान लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। बड़ी संख्या में नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने अभियान में भाग लेकर यमुना तटों की सफाई की तथा नदी संरक्षण का संदेश दिया। पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि यमुना की स्वच्छता केवल नदी तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह दिल्ली के पर्यावरण, स्वास्थ्य और भविष्य से भी जुड़ा हुआ मुद्दा है। यमुना सफाई अभियान का स्वागत करते हुए विवेक विहार आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष निर्मल गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा यमुना तटों पर व्यापक स्तर पर चलाया गया सफाई अभियान एक सराहनीय और सकारात्मक कदम है। उन्होंने कहा कि यमुना हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था का केंद्र होने के साथ-साथ लाखों लोगों के जीवन से भी जुड़ी हुई है। ऐसे में इसकी स्वच्छता और संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
निर्मल गुप्ता ने कहा कि पिछले कई वर्षों से यमुना प्रदूषण की गंभीर समस्या का सामना कर रही है। नदी में गिरने वाले कूड़े-कचरे, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट पदार्थों के कारण इसका प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हुआ है। ऐसे में सरकार द्वारा चलाया गया यह अभियान लोगों को जागरूक करने और उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी विभागों के प्रयासों से यमुना को पूरी तरह स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। यदि लोग स्वयं नदी और नालों में कचरा डालना बंद करें तथा स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं तो निश्चित रूप से सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। निर्मल गुप्ता ने कहा कि यमुना की सफाई से न केवल नदी का स्वरूप सुधरेगा बल्कि दिल्ली के पर्यावरण, जल गुणवत्ता और जनस्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रहेंगे और यमुना को उसकी पुरानी गरिमा वापस दिलाने में सफलता मिलेगी।



