Jhansi Murder Case:झांसी में टुकड़ों में मिली महिला की लाश, सिर और पैर गायब – 5 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ

0
32

Jhansi Murder Case:झांसी में टुकड़ों में मिली महिला की लाश, सिर और पैर गायब – 5 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ

झांसी – उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। टोड़ी फतेहपुर थाना क्षेत्र के किशोरपुर गांव में 13 अगस्त को एक कुएं के अंदर बोरी में मिली महिला की लाश ने पूरे इलाके को दहला दिया। हैरानी की बात यह है कि शव कई टुकड़ों में बंटा हुआ था और महिला का सिर और दोनों पैर अब तक गायब हैं। घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस इस जघन्य हत्या की गुत्थी नहीं सुलझा पाई है।

पुलिस ने इस रहस्य को सुलझाने के लिए अब तक 10 टीमें गठित की हैं, जो करीब 100 से अधिक गांवों में पूछताछ कर चुकी हैं और 200 से अधिक CCTV फुटेज खंगाल चुकी हैं, लेकिन महिला की पहचान और हत्यारे तक पहुंचने में अब तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है।

बोरी में मिले लाश के टुकड़े

13 अगस्त को किशोरपुर गांव में खेत के पास बने एक कुएं से ग्रामीणों ने बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी। जब कुआं खाली कराया गया तो उसमें से बोरी में बंद महिला के धड़ और हाथ मिले। अगले दिन यानी 14 अगस्त को फिर से तलाशी ली गई तो एक और बोरी बरामद हुई, जिसमें महिला का एक हाथ निकला। लेकिन महिला का सिर और दोनों पैर अब तक लापता हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा की गई जांच में अंदाजा लगाया गया कि मृतका की उम्र 33 से 35 साल के बीच रही होगी। साथ ही बलात्कार की आशंका को देखते हुए वजाइना स्लाइड तैयार कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

हत्या का तरीका और शक की दिशा

मामले की बर्बरता ने पुलिस की जांच को और भी पेचीदा बना दिया है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की पहचान छिपाने के लिए ही उसके शरीर के टुकड़े कर अलग-अलग बोरी में फेंके गए। महिला के साथ हल्के पीले रंग का चमकीला ब्लाउज और फूलों वाली हरे रंग की साड़ी का टुकड़ा मिला है। दाहिने हाथ में लाल रंग का धागा बंधा हुआ था और नाखूनों पर लाल नेल पॉलिश लगी हुई थी।

सोशल मीडिया पर पोस्टर और इनाम की घोषणा

पुलिस ने महिला की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया है और पोस्टर जारी किए हैं। इनमें अपील की गई है कि यदि किसी को महिला की पहचान या घटना से जुड़ी कोई जानकारी है तो वह पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले को इनाम भी दिया जाएगा।

घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की निर्मम हत्या उन्होंने पहली बार देखी है। खेतों और आसपास के कुओं की तलाशी लगातार की जा रही है, लेकिन अब तक कोई नया सुराग हाथ नहीं लगा।

SPRA झांसी ने बताया कि पुलिस की विशेष टीमों को जांच में लगाया गया है और जल्द ही महिला की पहचान कर अपराधी को बेनकाब किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here