Home देश दुनिया मणिपुर पहुंचीं डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने CM बीरेन से मांगा समय

मणिपुर पहुंचीं डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने CM बीरेन से मांगा समय

0
117

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल आज हिंसाग्रस्त मणिपुर पहुंचीं। इससे एक दिन पहले, मणिपुर सरकार ने उन्हें दौरे की अनुमति देने से कथित रूप से इनकार कर दिया था। मालीवाल ने रविवार सुबह कहा था कि वह पूर्व निर्धारित योजना के तहत पूर्वोत्तर राज्य का दौरा करेंगी। मालीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘अभी मणिपुर पहुंची हूं। मैंने मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह से मुलाकात के लिए समय मांगा है। मुझे उम्मीद है कि वह मेरा अनुरोध जल्द से जल्द स्वीकार कर लेंगे। ’’ मालीवाल ने शनिवार को आरोप लगाया था कि मणिपुर सरकार ने उन्हें ‘‘यौन उत्पीड़न की शिकार हुई महिलाओं से मिलने के लिए राज्य की यात्रा करने की अनुमति देने से इनकार’’ कर दिया है।

मालीवाल ने आज ट्वीट किया कि उन्होंने मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को पत्र लिखकर उनके साथ बैठक करने का अनुरोध किया है। मालीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘मणिपुर सरकार ने कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति के कारण मुझे अपनी यात्रा स्थगित करने पर विचार करने का सुझाव दिया था। उनके सुझाव पर विचार-विमर्श करने के बाद मैंने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इंफाल जाने का फैसला किया। मणिपुर के मुख्यमंत्री से समय मांगा है। उनसे मुलाकात करूंगी और यौन उत्पीड़न का शिकार हुई महिलाओं के पास साथ चलने का अनुरोध करूंगी। ’’उन्होंने रविवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री को लिखे पत्र की प्रति भी साझा की, जिसमें उन्होंने बीरेन सिंह से उनकी यात्रा में मदद मुहैया कराने का आग्रह किया और यह आश्वासन दिया कि वह राज्य सरकार के लिए समस्याएं पैदा करने वाला कोई कार्य नहीं करेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here