Bikram Majithia Vigilance Raid: अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के घर विजिलेंस का छापा, बदले की कार्रवाई का आरोप
पंजाब के पूर्व मंत्री और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के अमृतसर स्थित घर पर विजिलेंस विभाग की टीम ने बुधवार सुबह छापेमारी की। करीब 30 अधिकारियों की टीम ने घर में घुसकर तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह कार्रवाई किस केस के तहत की गई है।
बिक्रम सिंह मजीठिया ने छापेमारी के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए पंजाब की भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बदले की राजनीति के तहत की जा रही कार्रवाई है। उन्होंने लिखा, “मैंने पहले ही कहा था कि जब झूठे ड्रग केस में सरकार को कुछ नहीं मिला, तो अब नया झूठा केस दर्ज करने की तैयारी हो रही है। जितने पर्चे देने हैं, दे दीजिए, मुझे कोई डर नहीं। मैं पंजाब के मुद्दों पर आवाज उठाता रहूंगा।”
वीडियो में मजीठिया विजिलेंस अधिकारियों से यह कहते नजर आते हैं कि वे बिना वर्दी के जबरन घर में घुसे हैं। उन्होंने सवाल उठाया, “अगर कोई सादी वर्दी में आकर कहे कि वह अधिकारी है, तो हम कैसे मान लें? क्या यह तरीका सही है?” मजीठिया ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पत्नी और बच्चों को स्वर्ण मंदिर (गोल्डन टेंपल) जाने से भी रोका गया।
वीडियो में एक अधिकारी, जो खुद को एसपी बताते हैं, मजीठिया से कहते हैं कि वे जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। इस पर मजीठिया जवाब देते हैं कि वे पूरा सहयोग कर रहे हैं लेकिन यह तरीका गलत है। अधिकारियों ने कैमरे के सामने सवाल-जवाब करने से इनकार करते हुए कहा कि यह जांच का विषय है और सार्वजनिक रूप से इस पर बात नहीं की जा सकती।
मजीठिया ने स्टाफ को निर्देश दिया कि पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग की जाए और मीडिया को बुलाया जाए। उन्होंने विजिलेंस टीम पर धक्कामुक्की और बिना सूचना के जबरन प्रवेश करने का आरोप लगाया।
विजिलेंस टीम अब भी मजीठिया के घर पर मौजूद है, जबकि अधिकारी कार्रवाई को जांच का हिस्सा बता रहे हैं। इस छापेमारी ने पंजाब की सियासत में एक बार फिर गर्मी बढ़ा दी है।



