Varanasi College Shooting: बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह की कॉलेज में गोली मारकर हत्या, छात्रों में भारी आक्रोश
वाराणसी के यूपी कॉलेज में शुक्रवार को बीएससी चौथे सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह (23) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात हॉस्टल और कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय परिसर में हुई, जिससे कॉलेज में हड़कंप मच गया।
पुलिस और छात्रों के अनुसार, मृतक छात्र के शरीर में करीब आठ गोलियां लगी थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हत्या पुरानी रंजिश के कारण की गई। आरोपी छात्र मंजीत, जो बीए सेकेंड ईयर का छात्र है और वाराणसी के चांदमारी इलाके का रहने वाला है, ने प्रिंसिपल के सामने फायरिंग की।
घायल छात्र को तुरंत BHU Trauma Center में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद छात्र क्रोधित हो उठे और कॉलेज गेट बंद कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने परिसर में कुर्सियां और मेज तोड़ दी और हंगामा किया।
पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाते हुए कॉलेज में पांच थानों की फोर्स तैनात की है और कॉलेज गेट को बंद कर दिया। छात्र आरोप लगा रहे हैं कि हत्या प्रिंसिपल के सामने हुई और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।



