Uttarakhand School Shooting: उत्तराखंड के काशीपुर में 9वीं के छात्र ने शिक्षक को मारी गोली, लंच बॉक्स से निकाला तमंचा

0
19

Uttarakhand School Shooting: उत्तराखंड के काशीपुर में 9वीं के छात्र ने शिक्षक को मारी गोली, लंच बॉक्स से निकाला तमंचा

काशीपुर (उत्तराखंड)। ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में बुधवार को एक निजी स्कूल में हुई घटना ने पूरे राज्य को हिला दिया। कक्षा 9 के एक छात्र ने अपने भौतिक विज्ञान शिक्षक गगनदीप सिंह कोहली को गोली मार दी। छात्र तमंचा लंच बॉक्स में छुपाकर स्कूल लाया था और क्लास के दौरान शिक्षक पर फायर झोंक दिया। गोली शिक्षक के दाहिने कंधे के नीचे लगी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत एक दिन पहले हुई थी जब शिक्षक ने अनुशासनहीनता के चलते छात्र को थप्पड़ मारा था। गुस्से में आकर छात्र ने यह खतरनाक कदम उठाने की योजना बनाई और अगले ही दिन तमंचा स्कूल ले आया। मध्यांतर के बाद जब शिक्षक क्लास छोड़कर बाहर निकल रहे थे, तभी छात्र ने पीछे से टिफिन बॉक्स खोला और फायर कर दिया।

गोली चलते ही क्लास में अफरातफरी मच गई। छात्र मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन शिक्षकों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शिक्षक को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी हालत फिलहाल नाजुक बताई जा रही है।

एएसपी अभय सिंह ने बताया कि शिक्षक की तहरीर पर नाबालिग आरोपी पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी छात्र से तमंचा भी बरामद कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि हथियार कहां से आया।

इस सनसनीखेज घटना ने पूरे जिले के शिक्षकों में गुस्सा भर दिया है। उत्तराखंड के निजी स्कूल और सीबीएसई से जुड़े शिक्षक संघ ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विरोध स्वरूप जिले के सभी सीबीएसई और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों को गुरुवार को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। साथ ही शिक्षकों ने काला दिवस मनाने और काशीपुर रामलीला मैदान से एसडीएम कार्यालय तक मौन मार्च निकालने का ऐलान किया है।

जिला संयोजक राहुल पैगिया और जिला अध्यक्ष नायब सिंह धालीवाल ने कहा कि यह सिर्फ एक शिक्षक पर हमला नहीं बल्कि शिक्षा प्रणाली और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरे की घंटी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और स्कूलों में हथियार जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।

यह पहली बार नहीं है जब छात्रों द्वारा हिंसक हमला हुआ हो। हाल ही में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में भी एक निजी स्कूल में विवाद इतना बढ़ गया कि कक्षा 9 के छात्र ने 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। इस घटना से स्पष्ट है कि देशभर के स्कूलों में बच्चों के बीच हिंसक प्रवृत्ति बढ़ रही है, जिस पर तत्काल गंभीर कदम उठाने की जरूरत है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here