Uttam Nagar Murder Case: दिल्ली हाई कोर्ट ने पुलिस को सुरक्षा कड़े करने के निर्देश दिए, ईद पर माहौल बिगड़ने से रोकने को कहा
दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को निर्देश दिए हैं कि उत्तम नगर में ईद के मौके पर किसी भी तरह का तनाव या हिंसा न हो। कोर्ट ने कहा कि पुलिस सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करे और सभी एहतियाती कदम उठाए जाएं ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा सके। कोर्ट ने यह भी कहा कि इलाके में सुरक्षा प्रबंध रामनवमी तक जारी रहेंगे और समाज के सभी वर्ग संयम बनाए रखें।
दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को आश्वस्त किया कि होली के बाद से ही सुरक्षा पुख्ता कर दी गई है। केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। द्वारका जिले के 11 थानों में सशस्त्र पुलिस की 8 कंपनियां तैनात हैं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 400 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है।
उत्तम नगर में चार मार्च को एक व्यक्ति की हत्या के बाद सांप्रदायिक तनाव बढ़ा था। इसके मद्देनजर ईद उल फितर से पहले इलाके में 100 से अधिक जांच चौकियां बनाई गईं और सुरक्षाकर्मी छतों पर निगरानी कर रहे हैं।
असोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स (APCR) ने मुस्लिम समुदाय को मिली धमकियों के संबंध में याचिका दायर की थी। पुलिस ने हाई कोर्ट को जानकारी दी कि 24 घंटे तैनाती, CAPF की मौजूदगी, समुदाय संवाद के लिए शांति बैठकें और सोशल मीडिया निगरानी जैसी कार्रवाई की गई है। APCR ने हिंसा भड़काने वालों के खिलाफ अतिरिक्त कार्रवाई की मांग की, लेकिन कोर्ट ने फिलहाल ऐसा करने से इनकार किया और आग्रह किया कि स्थिति को और उत्तेजित न किया जाए।
मामले की अगली सुनवाई 6 अप्रैल को होगी।



