UPSC CSE Result 2025: अनुज अग्निहोत्री ने किया टॉप, 958 अभ्यर्थी हुए सफल
संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। आयोग ने परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जारी किया है, जहां अभ्यर्थी पीडीएफ फाइल के माध्यम से अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
इस वर्ष सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से कुल 1087 पदों पर भर्ती की जानी है, जिनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) और अन्य केंद्रीय सेवाओं के पद शामिल हैं। हालांकि अंतिम मेरिट सूची में कुल 958 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। चयनित उम्मीदवारों में 317 सामान्य वर्ग, 104 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), 306 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), 158 अनुसूचित जाति (SC) और 73 अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग से हैं।
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 के इंटरव्यू 5 जनवरी 2026 से शुरू हुए थे और 27 फरवरी 2026 को समाप्त हुए। मुख्य परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर 2,736 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था। अभ्यर्थियों का अंतिम चयन मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट सूची से किया गया है। आयोग ने बताया है कि परिणाम जारी होने के लगभग 15 दिनों के भीतर उम्मीदवारों के अंक भी वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
इस साल के परिणाम में अनुज अग्निहोत्री पहले स्थान पर रहे, जबकि दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर अकांश ढुल रहे। चौथे स्थान पर राघव झुनझुनवाला और पांचवें स्थान पर ईशान भटनागर ने जगह बनाई। टॉप 10 में ज़िनिया अरोड़ा, ए आर राजा मोहिद्दीन, पक्षल सेक्रेटरी, आस्था जैन और उज्ज्वल प्रियांक भी शामिल हैं।
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। हर साल लाखों उम्मीदवार आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारी बनने का सपना लेकर इस परीक्षा में शामिल होते हैं। यह परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जाती है, जिसमें प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार शामिल होते हैं। मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम मेरिट सूची जारी की जाती है और उसी के आधार पर उम्मीदवारों का चयन विभिन्न सेवाओं में किया जाता है।
इस बार भर्ती के लिए आईएएस के 180, आईएफएस के 55 और आईपीएस के 150 पद निर्धारित किए गए हैं। आईएएस के 180 पदों में 74 अनारक्षित, 28 अनुसूचित जाति, 13 अनुसूचित जनजाति, 47 ओबीसी और 18 ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आरक्षित हैं। वहीं आईपीएस के 150 पदों में 60 अनारक्षित, 22 एससी, 11 एसटी, 42 ओबीसी और 15 ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
आयोग के अनुसार 348 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी फिलहाल प्रोविजनल रखी गई है, जबकि दो उम्मीदवारों का परिणाम फिलहाल रोका गया है। परिणाम जारी होने के बाद अब सफल अभ्यर्थियों को विभिन्न सेवाओं के लिए नियुक्ति प्रक्रिया से गुजरना होगा।



